KNEWS DESK- कानपुर के कांशीराम संयुक्त चिकित्सालय एवं ट्रॉमा सेंटर से स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़ा करने वाला वीडियो सामने आया है। वीडियो में डॉक्टर की गैरमौजूदगी में एक ड्राइवर मरीजों से उनकी परेशानी पूछता और पर्चे पर दवाएं लिखता नजर आ रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद अस्पताल प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि वीडियो में दिखाई दे रहा व्यक्ति अस्पताल में ड्राइवर के पद पर तैनात है। वीडियो में वह डॉक्टर की कुर्सी पर बैठकर मरीजों से बातचीत करता नजर आता है। इस दौरान वह मरीजों की बीमारी और परेशानी पूछने के बाद उन्हें दवाएं लिखता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल की कार्यप्रणाली और मरीजों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
https://twitter.com/Knewsindia/status/2100452998703116595?s=20
मामले की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने जांच शुरू कर दी। संबंधित डॉक्टर से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है। प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि डॉक्टर की अनुपस्थिति में ड्राइवर मरीजों को देखने और दवा लिखने तक कैसे पहुंचा।
अस्पताल प्रशासन की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना कब की है और इसमें कौन-कौन लोग जिम्मेदार हैं। फिलहाल वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में भी हलचल बढ़ गई है। मरीजों और तीमारदारों ने अस्पताल में डॉक्टरों की मौजूदगी सुनिश्चित करने तथा इस तरह की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।