पीएम मोदी के जन्मदिन पर दिल्ली में शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, पहले दिन होंगे चार बड़े कार्यक्रम

KNEWS DESK- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर गुरुवार से दिल्ली में सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत होगी। अभियान के पहले दिन रक्तदान शिविर, यज्ञ, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के साथ आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाजपा मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन रक्तदान शिविर का उद्घाटन करेंगे।

भाजपा युवा मोर्चा की ओर से दिल्ली में 14 स्थानों पर रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। वहीं, दिल्ली सरकार त्यागराज स्टेडियम में मेगा रक्तदान शिविर, खाटू श्याम दिल्ली धाम में 108 कुंडीय यज्ञ, श्रमिकों के लिए नमो श्रमिक सेवा केंद्र का उद्घाटन और शाम को कर्तव्य पथ पर दीप प्रज्ज्वलन समेत चार प्रमुख कार्यक्रम आयोजित करेगी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर दिल्ली सरकार एक महीने तक सेवा संकल्प अभियान चलाएगी। इस दौरान परिवहन, सड़क, सीवरेज, जल शोधन, शिक्षा, बिजली, सार्वजनिक सुविधाओं और शहरी सुंदरीकरण से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा।

त्यागराज स्टेडियम में सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक मेगा रक्तदान शिविर आयोजित होगा। इसमें 2500 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया है। शिविर में दिल्ली सरकार के 11 अस्पतालों के ब्लड बैंक, आर्मी हॉस्पिटल, लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज, सफदरजंग अस्पताल और इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी की भागीदारी रहेगी।

जीटी करनाल रोड स्थित खाटू श्याम दिल्ली धाम में 108 कुंडीय यज्ञ होगा। इसमें प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्रसेवा के लिए प्रार्थना की जाएगी। दृष्टिबाधित बच्चों की ओर से सस्वर हनुमान चालीसा का पाठ भी किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *