KNEWS DESK- नई दिल्ली में 12 और 13 सितंबर को आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की सफलता पर केंद्रीय मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की. बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस संबंध में प्रस्ताव पेश किया, जिसे सभी केंद्रीय मंत्रियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच पारित किया.
राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के प्रभावी नेतृत्व में भारत ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की सफलतापूर्वक मेजबानी की. उन्होंने सम्मेलन के सुचारू संचालन और भारत की अध्यक्षता के दौरान आयोजित गतिविधियों की भी प्रशंसा की. प्रधानमंत्री मोदी ने आयोजन में सहयोग के लिए अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों का आभार जताया.
ईरान और यूएई के नेताओं की मुलाकात पर चर्चा
बैठक में ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन और अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के बीच हुई बातचीत का भी उल्लेख किया गया. क्षेत्रीय तनाव के बीच दोनों नेताओं की मुलाकात को महत्वपूर्ण राजनयिक पहल के रूप में देखा गया.
21 देशों के नेताओं ने लिया हिस्सा
भारत ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में ब्रिक्स सम्मेलन की मेजबानी की. इसमें 11 सदस्य देशों और 10 सहयोगी देशों के नेताओं के साथ कई अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया. प्रधानमंत्री मोदी ने सम्मेलन के दौरान विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्षों और सरकार प्रमुखों के साथ 15 द्विपक्षीय बैठकें कीं.
सम्मेलन में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा, मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो समेत कई प्रमुख नेता शामिल हुए.