दिल्ली के GTB अस्पताल में बनेगा 250 बेड का सुपर-स्पेशियलिटी कम ट्रॉमा ब्लॉक

knews desk – दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में यमुनापार के दिलशाद गार्डन स्थित गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल में 250 बेड के सुपर-स्पेशियलिटी कम ट्रॉमा ब्लॉक के निर्माण को मंजूरी दी गई है। इस परियोजना पर कुल 244.87 करोड़ रुपये खर्च होंगे। प्रस्तावित ट्रॉमा ब्लॉक का निर्माण प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना यानी PMSSY के फेज-IV के तहत किया जाएगा।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि GTB अस्पताल पूर्वी दिल्ली का प्रमुख सरकारी अस्पताल है, जहां मरीजों का लगातार भारी दबाव रहता है। दुर्घटनाओं और गंभीर आपातकालीन मामलों को देखते हुए अस्पताल में आधुनिक ट्रॉमा सुविधाओं का विस्तार जरूरी था। नए ब्लॉक के शुरू होने के बाद मरीजों को 24 घंटे इमरजेंसी और ट्रॉमा केयर के साथ विशेषज्ञ चिकित्सा, जांच, सर्जरी और अन्य जरूरी सुविधाएं एक ही परिसर में मिल सकेंगी।

सात मंजिला इमारत में होंगी आधुनिक सुविधाएं

प्रस्तावित ट्रॉमा ब्लॉक का निर्माण GTB अस्पताल के मौजूदा परिसर में करीब 22,550 वर्ग मीटर क्षेत्र में किया जाएगा। सात मंजिला इमारत में बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और उसके ऊपर छह मंजिलें होंगी। इस ब्लॉक में कुल 250 बेड, 48 विशेषज्ञ ओपीडी कमरे और 9 आधुनिक ऑपरेशन थिएटर बनाए जाएंगे।

बेसमेंट में ब्लड बैंक और प्रयोगशाला की सुविधा होगी। ग्राउंड फ्लोर पर 24×7 इमरजेंसी के साथ CT स्कैन, MRI और एक्स-रे जैसी जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। दूसरी मंजिल पर 72 बेड का ICU बनाया जाएगा, जबकि चौथी और पांचवीं मंजिल पर सामान्य और निजी वार्ड होंगे।

250 बेड में ICU और बर्न्स यूनिट भी शामिल

नए ट्रॉमा ब्लॉक में मरीजों की जरूरत के अनुसार अलग-अलग श्रेणियों के बेड होंगे। इनमें 20 इमरजेंसी बेड, 5 बर्न्स ICU बेड, 70 ICU बेड, 4 आइसोलेशन बेड, 22 प्री और पोस्ट सर्जरी बेड, 102 सामान्य बेड और 25 निजी बेड शामिल हैं।

गंभीर मरीजों के इलाज के लिए कुल 77 क्रिटिकल-केयर बेड की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा न्यूरो, हड्डी, त्वचा और दंत चिकित्सा सहित कई विशेषज्ञ सेवाएं भी उपलब्ध होंगी।

2028 तक अस्पताल शुरू करने का लक्ष्य

दिल्ली सरकार ने प्रस्तावित ट्रॉमा ब्लॉक को साल 2028 तक शुरू करने का लक्ष्य रखा है। परियोजना की निगरानी के लिए केंद्र और दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों की एक समिति गठित की जाएगी। यह समिति हर तीन महीने में बैठक कर निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करेगी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार का उद्देश्य सरकारी अस्पतालों की क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ लोगों को जरूरत के समय बेहतर और समयबद्ध चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

PMSSY के तहत होगा निर्माण

GTB अस्पताल में बनने वाला यह सुपर-स्पेशियलिटी कम ट्रॉमा ब्लॉक प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के तहत तैयार किया जाएगा। PMSSY केंद्र सरकार की योजना है, जिसका उद्देश्य सरकारी अस्पतालों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विकास करना और गंभीर बीमारियों के इलाज की क्षमता बढ़ाना है। इस परियोजना की लागत केंद्र और दिल्ली सरकार मिलकर वहन करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *