knews desk – इंडोनेशिया के बाली में हुई ICC बोर्ड की बैठक में जय शाह को दूसरे कार्यकाल के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल का चेयरमैन निर्विरोध नियुक्त किया गया। इस उपलब्धि पर बॉलीवुड अभिनेता और कोलकाता नाइट राइडर्स के को-ओनर शाहरुख खान ने उन्हें बधाई दी और क्रिकेट के विकास के लिए उनके प्रयासों की तारीफ की।
किंग खान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर जय शाह को दोबारा ICC चेयरमैन नियुक्त होने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने वर्ल्ड क्रिकेट के संचालन में जय शाह के नेतृत्व और क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के उनके प्रयासों की सराहना की।
शाहरुख खान ने अपने पोस्ट में कहा, “आईसीसी के चेयरमैन के पद पर दोबारा नियुक्त होने के लिए जय शाह भाई को मुबारकबाद। वर्ल्ड क्रिकेट के संचालन में आपके नेतृत्व और हमारे पसंदीदा खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के आपके प्रयासों की हम दिल से सराहना करते हैं।”
शाहरुख खान ने 2028 के ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि 2028 का ओलंपिक क्रिकेट और इसके लगातार विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा, खासतौर पर अमेरिका में। उन्होंने जय शाह को उनके आने वाले प्रयासों और नई शुरुआतों के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
जय शाह के दोबारा ICC चेयरमैन बनने पर क्रिकेट जगत से उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं। वहीं, शाहरुख खान की ओर से दी गई बधाई ने भी लोगों का ध्यान खींचा है। दोनों का जुड़ाव आईपीएल के जरिए भी है, क्योंकि शाहरुख खान कोलकाता नाइट राइडर्स के को-ओनर हैं।
शाहरुख खान के वर्कफ्रंट की बात करें तो वह अपनी आगामी फिल्म ‘किंग’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म 24 दिसंबर को बड़े पर्दे पर रिलीज होने वाली है। इस फिल्म में शाहरुख खान के साथ उनकी बेटी सुहाना खान भी नजर आएंगी। इसके अलावा अभिषेक बच्चन, अनिल कपूर, रानी मुखर्जी, जैकी श्रॉफ, जयदीप अहलावत, अरशद वारसी, राघव जुयाल और अभय वर्मा जैसे कलाकार भी फिल्म का हिस्सा हैं। फिल्म में करीना कपूर खान के भी एक गाने में नजर आने की बात कही गई है।