अमृत ग्रुप पर ED का बड़ा एक्शन, कोलकाता-इंदौर में 17 ठिकानों पर छापे, निवेशकों से जुड़े मामले की जांच

Amrit Group ED Raid: ज्यादा रिटर्न का वादा कर लोगों से पैसे जुटाने और रकम वापस नहीं करने के आरोपों में प्रवर्तन निदेशालय ने अमृत ग्रुप ऑफ कंपनीज के खिलाफ कार्रवाई की है. ईडी की टीम ने कोलकाता और इंदौर में कंपनी से जुड़े 17 ठिकानों पर तलाशी अभियान शुरू किया है.

Knews Desk- प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अमृत ग्रुप ऑफ कंपनीज के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जांच तेज कर दी है. एजेंसी की कोलकाता जोनल ऑफिस की टीम ने बुधवार सुबह धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) की धारा 17 के तहत कोलकाता और इंदौर में कई स्थानों पर छापेमारी की. यह कार्रवाई कंपनी के निदेशकों, प्रमोटरों और उनसे जुड़े परिसरों में की जा रही है.

ईडी के अनुसार, जांच के दायरे में अमृत ग्रुप से जुड़े केसी दुजारी, काली किशोर बागची और अन्य लोग शामिल हैं. अधिकारियों की टीम कंपनी के आवासीय और कार्यालय परिसरों में दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच कर रही है.

जांच एजेंसी का आरोप है कि अमृत ग्रुप की कंपनियों ने अलग-अलग जमा योजनाओं के जरिए आम लोगों से बड़ी रकम इकट्ठा की. निवेशकों को उनकी जमा राशि पर आकर्षक रिटर्न देने का भरोसा दिलाया गया था. हालांकि, बाद में कंपनी पर वादे के मुताबिक रिटर्न नहीं देने और लोगों की मूल रकम वापस नहीं करने के आरोप लगे.

इन शिकायतों के आधार पर मामले की जांच शुरू हुई. ईडी अब यह पता लगाने में जुटी है कि निवेशकों से जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल कहां किया गया और इस पूरी प्रक्रिया में किन लोगों की भूमिका रही.

दस्तावेज और लेनदेन खंगाल रही टीम

तलाशी अभियान के दौरान ईडी के अधिकारी कंपनी से जुड़े दस्तावेज, बैंकिंग रिकॉर्ड और अन्य वित्तीय जानकारियां जुटा रहे हैं. जांच का एक अहम हिस्सा यह पता लगाना है कि लोगों से जमा कराई गई रकम को किस तरह इस्तेमाल किया गया और क्या इसमें मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ी गतिविधियां हुईं.

ईडी के मुताबिक, कोलकाता में छह ठिकानों समेत कुल 17 स्थानों पर तलाशी ली जा रही है. बुधवार सुबह करीब 6 बजे से अधिकारियों ने कार्रवाई शुरू की. कोलकाता के नारकेलडांगा, नेताजीनगर और रवींद्र सरोवर थाना क्षेत्रों में स्थित परिसरों पर भी टीम पहुंची.

अधिकारियों के साथ केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवान भी मौजूद हैं. शुरुआती कार्रवाई में एक कारोबारी के घर समेत अन्य परिसरों की तलाशी ली गई. फिलहाल जांच जारी है और एजेंसी की ओर से आगे की कार्रवाई के संबंध में अधिक जानकारी का इंतजार है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *