राजस्थान के टोंक में तेज रफ्तार का खौफनाक अंजाम सामने आया है. दूनी थाना क्षेत्र में पोल्याड़ा के पास हाईवे पर एक कार खड़े डंपर से जा भिड़ी. हादसे में 41 वर्षीय राजाराम जाट की मौके पर ही मौत हो गई. दुर्घटना से कुछ देर पहले राजाराम ने अपनी कार की रफ्तार का वीडियो फेसबुक पर लाइव किया था.
Knews Desk- राजस्थान के टोंक जिले में मंगलवार को हुए सड़क हादसे ने हर किसी को हैरान कर दिया. मालपुरा के टोरडी गांव निवासी राजाराम जाट अपनी कार से देवली से टोंक की ओर जा रहे थे. इसी दौरान उन्होंने फेसबुक पर लाइव वीडियो शुरू किया, जिसमें कार का स्पीड मीटर दिखाई दे रहा था.
वीडियो में कार की रफ्तार 100 और 150 किलोमीटर प्रति घंटे से आगे बढ़ती नजर आई. कुछ ही देर में स्पीड करीब 197-198 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई. इसके बाद पोल्याड़ा के पास हाईवे पर कार आगे खड़े डंपर से टकरा गई.
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और राजाराम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. सूचना मिलने पर दूनी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
हादसे से पहले का वीडियो वायरल
राजाराम की मौत के बाद उनका फेसबुक लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. वीडियो में कार की तेज रफ्तार साफ दिखाई दे रही है. पुलिस अब वायरल वीडियो के साथ हादसे की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है.
यह हादसा एक बार फिर बताता है कि हाईवे पर तेज गति से वाहन चलाना कितना जोखिम भरा हो सकता है. करीब 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पर अचानक सामने आई किसी बाधा से बचना बेहद मुश्किल होता है.
राजाराम का फेसबुक लाइव वीडियो उनकी जिंदगी का आखिरी वीडियो बन गया. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. पुलिस हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.