लखनऊ में एजेपी छात्र मोर्चा ने यूजीसी के नियमों के समर्थन में आवाज बुलंद की. कार्यकर्ताओं ने आरक्षण, समान शिक्षा व्यवस्था, UCC और One Nation-One Election को लागू करने की मांग उठाई.
Knews Desk- लखनऊ के परिवर्तन चौक पर मंगलवार को पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य की पार्टी अपनी जनता पार्टी (AJP) के छात्र मोर्चा ने प्रदर्शन किया. यूजीसी के विवादित नियमों के समर्थन में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए. हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और सरकार से अपनी मांगों पर जल्द कार्रवाई करने की अपील की.
एजेपी छात्र मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने आरक्षण और समान अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया. उन्होंने देश में सामाजिक समानता और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने की जरूरत पर जोर दिया. साथ ही, One Nation-One Election को तत्काल लागू करने की मांग भी उठाई.
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि देश की प्रशासनिक और राजनीतिक व्यवस्था में सुधार के लिए इन मुद्दों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए. उन्होंने समान अधिकारों और सामाजिक न्याय को सुनिश्चित करने के लिए सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की.
समान शिक्षा व्यवस्था की मांग
प्रदर्शन के दौरान एजेपी छात्र मोर्चा ने देश में समान शिक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग की. कार्यकर्ताओं ने कहा कि हर नागरिक को बिना किसी भेदभाव के शिक्षा का समान अवसर मिलना चाहिए.
उनका कहना था कि शिक्षा व्यवस्था में क्षेत्रीय असमानताओं को दूर करने से विद्यार्थियों को बेहतर अवसर मिलेंगे और समाज के सभी वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जुड़ने में मदद मिलेगी.
प्रदर्शन को देखते हुए परिवर्तन चौक पर पुलिस की तैनाती की गई थी. किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई. हालांकि, प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया और किसी बड़े हंगामे की सूचना नहीं मिली.