KNEWS DESK – टेलीविजन के चर्चित रिएलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ को शुरू हुए एक हफ्ते से ज्यादा का समय हो चुका है। शो में हर दिन नए विवाद और रिश्तों में खटास देखने को मिल रही है। अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि घर में कौन किस ग्रुप का हिस्सा है, लेकिन कंटेस्टेंट्स के बीच बहस और झगड़े लगातार बढ़ते जा रहे हैं।
शो की शुरुआत में आम्रपाली और अरशिफा के बीच अनबन देखने को मिली थी। इसके बाद यंग डीएस ए और काजी तौकीर भी आपस में भिड़ चुके हैं। वहीं, अब तक सबसे ज्यादा गुस्से में नजर आए आसिफ खान का विवाद इस बार घर की शांत कंटेस्टेंट उदिति सिंह से हो गया है।
ताली मारने की बात पर भड़कीं उदिति
शो के अपकमिंग एपिसोड का प्रोमो सामने आया है, जिसमें आसिफ खान और उदिति सिंह के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है। प्रोमो के मुताबिक, बातचीत के दौरान आसिफ ने उदिति को ताली मारी थी, जिसके बाद उदिति ने नाराजगी जाहिर की।
बाद में आसिफ इस बात पर सफाई देते हुए उदिति से कहते हैं कि अगर उन्हें जोर से लग गया था तो वह इसके लिए माफी मांगते हैं। साथ ही वह कहते हैं कि उनका कोई गलत इरादा नहीं था। हालांकि, उदिति उनकी बात से सहमत नहीं होतीं और कहती हैं कि उन्हें यह बदतमीजी लगी। उदिति का आरोप है कि आसिफ ने जानबूझकर उन्हें तेज मारा था।
इस पर उदिति साफ शब्दों में कहती हैं, “मुझे बिना बात के टच-वच पसंद नहीं है।”
उदिति के बयान पर भड़के आसिफ
उदिति की बात सुनकर आसिफ खान भी भड़क जाते हैं। वह कहते हैं कि एंटरटेन करने के लिए टैलेंट चाहिए और अगर कोई कम टैलेंटेड है तो वह क्या कर सकता है। आसिफ का यह कमेंट सुनकर उदिति भी नाराज हो जाती हैं और उन्हें पर्सनल न जाने की सलाह देती हैं।
इसके बाद दोनों के बीच बहस और तेज हो जाती है। आसिफ कहते हैं कि अगर उदिति तीन पन्ने का भाषण देंगी, तो वह भी छह पन्ने का भाषण देंगे। वहीं, बहस के दौरान उदिति आसिफ को ‘बकवास आदमी’ तक कह देती हैं।
अब देखना होगा कि दोनों के बीच शुरू हुआ यह विवाद आगे कितना बढ़ता है और घर के बाकी कंटेस्टेंट्स इस मामले में किसका साथ देते हैं।
‘बिग बॉस 20’ का यह एपिसोड 14 सितंबर को रात 9:30 बजे जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होगा। वहीं, दर्शक इसे कलर्स टीवी पर रात 10:30 बजे देख सकेंगे।