नौकर ने ही रची थी 18 लाख की लूट की साजिश, साथियों संग मिलकर कारोबारी को बनाया शिकार

मुरादाबाद में सर्राफा कारोबारी से हुई लूट के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि कारोबारी का कर्मचारी शंकर ही अपने दो साथियों के साथ मिलकर वारदात का मास्टरमाइंड था। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लूट का पूरा माल बरामद कर लिया है।

Knews desk- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में सर्राफा कारोबारी से 18 लाख रुपये की लूट का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। भोजपुर थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात को कारोबारी के कर्मचारी शंकर ने अपने साथियों मनीष और हर्ष के साथ मिलकर अंजाम दिया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने लूट की झूठी कहानी तैयार की और वारदात के बाद खुद ही पुलिस को सूचना दी।

पुलिस को 13 सितंबर की रात दादूपुर गांव के पास लूट की सूचना मिली थी। कर्मचारी शंकर ने बताया था कि चार अज्ञात बदमाशों ने रास्ते में रोककर उसके साथ मारपीट की और नकदी व जेवरात से भरा बैग छीन लिया। बैग में 5.60 लाख रुपये नकद और करीब 13.40 लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह की निगरानी में पुलिस टीम ने जांच शुरू की।

पूछताछ और सीसीटीवी से खुला राज

जांच के दौरान पुलिस ने सबसे पहले कर्मचारी शंकर से पूछताछ की। उसके बयानों में विरोधाभास मिलने पर पुलिस को शक हुआ। इसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और मोबाइल सर्विलांस की मदद से जांच आगे बढ़ाई गई।

पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आया कि शंकर ने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट का नाटक किया था। इसके बाद उसकी निशानदेही पर मनीष और हर्ष को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

3-4 महीने पहले बनाई थी योजना

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि शंकर ने करीब तीन से चार महीने पहले ही लूट की योजना तैयार कर ली थी। उसने अपने साथियों के साथ तय किया था कि जिस दिन कारोबारी के पास बड़ी रकम और सोने-चांदी के आभूषण होंगे, उसी दिन वारदात को अंजाम दिया जाएगा।

पुलिस ने तीनों आरोपियों की निशानदेही पर लूट की पूरी रकम और जेवरात बरामद कर लिए हैं। एसपी देहात के अनुसार, बरामद माल की कीमत करीब 18 लाख रुपये है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *