Bhopal News: AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी का 15 सितंबर को भोपाल में प्रस्तावित कार्यक्रम विवादों में घिर गया है. मध्य प्रदेश मुस्लिम त्योहार कमेटी ने कार्यक्रम का विरोध करते हुए प्रशासन से अनुमति रद्द करने की मांग की है.
Knews Desk- ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) प्रमुख और हैदराबाद सांसद असदुद्दीन ओवैसी के मध्य प्रदेश दौरे को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. भोपाल के सेंट्रल लाइब्रेरी परिसर में 15 सितंबर को प्रस्तावित कार्यक्रम का मुस्लिम त्योहार कमेटी ने विरोध किया है. कमेटी ने गृह मंत्री, कलेक्टर और पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर कार्यक्रम की अनुमति पर पुनर्विचार करने की मांग की है
मध्य प्रदेश मुस्लिम त्योहार कमेटी ने अपने ज्ञापन में कहा है कि ओवैसी के पूर्व सार्वजनिक भाषणों और बयानों को लेकर कई बार विवाद की स्थिति बनी है. कमेटी का दावा है कि गणेश उत्सव के दौरान किसी भी ऐसे बयान से, जिसे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला माना जाए, शहर के शांतिपूर्ण माहौल पर असर पड़ सकता है.
कमेटी ने भोपाल की गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक सौहार्द का हवाला देते हुए प्रशासन से कार्यक्रम रद्द करने की अपील की है.
टी. राजा सिंह के कार्यक्रम का दिया हवाला
कार्यक्रम के विरोध में कमेटी ने विधायक टी. राजा सिंह का उदाहरण भी प्रशासन के सामने रखा है. संगठन का कहना है कि यदि कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका के आधार पर टी. राजा सिंह के कार्यक्रम को अनुमति नहीं दी गई थी, तो ओवैसी के कार्यक्रम पर भी इसी तरह विचार किया जाना चाहिए.
मुस्लिम त्योहार कमेटी ने कहा है कि यदि प्रशासन कार्यक्रम की अनुमति बरकरार रखता है, तो भाषण के दौरान लागू कानूनों का सख्ती से पालन कराया जाए. संगठन ने किसी भी आपत्तिजनक या भड़काऊ बयान की स्थिति में तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
UCC और मुस्लिम मुद्दों को लेकर कार्यक्रम
रिपोर्ट के मुताबिक, भोपाल में प्रस्तावित सभा AIMIM के मध्य प्रदेश अभियान का हिस्सा है. पार्टी की ओर से समान नागरिक संहिता (UCC) और मुस्लिम समुदाय से जुड़े मुद्दों को लेकर चलाए जा रहे अभियान के समापन के तौर पर भी इस कार्यक्रम को देखा जा रहा है.
फिलहाल कार्यक्रम की अनुमति को लेकर प्रशासन की ओर से अंतिम निर्णय सामने नहीं आया है. ऐसे में 15 सितंबर को प्रस्तावित ओवैसी की सभा होगी या नहीं, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं.