राजस्थान निकाय चुनाव रिजल्ट: 10 नगर निगम में से 8 पर बीजेपी आगे, जयपुर में भी पार्टी को बढ़त

KNEWS DESK- राजस्थान में नगर निकाय चुनाव के नतीजे सामने आने लगे हैं। प्रदेश के 10 नगर निगम, 47 नगर परिषद और 252 नगर पालिकाओं के लिए वोटों की गिनती जारी है। शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी बढ़त बनाए हुए है। 10 नगर निगमों में से 8 पर बीजेपी आगे चल रही है, जबकि कांग्रेस कई जगह मुकाबले में बनी हुई है।

जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों की मतगणना भी शुरू हो चुकी है। शुरुआती परिणामों के अनुसार बीजेपी ने 11 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि कांग्रेस को 6 सीटें मिली हैं। एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत हासिल की है। इस बार राजस्थान के कुल 309 नगर निकायों के 10,167 वार्डों के लिए चुनाव कराया गया था। इनमें 77 वार्डों में सदस्य निर्विरोध चुने गए। बाकी वार्डों के लिए 9 और 11 सितंबर को दो चरणों में मतदान हुआ था। पहले चरण में 162 नगर निकायों और दूसरे चरण में 147 नगर निकायों के लिए वोट डाले गए। चुनाव परिणाम से कुल 38,889 उम्मीदवारों की हार-जीत तय होगी।

दूसरे चरण में 70.68 प्रतिशत मतदान

राजस्थान निकाय चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में 70.68 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, इस चरण में 147 शहरी निकायों के 87,63,595 मतदाताओं में से 61,93,865 लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। बालोतरा की धौरीमन्ना नगरपालिका में सबसे ज्यादा 91.59 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि सिरोही नगर परिषद में 62.03 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई। मतदान के दौरान कई जगह ईवीएम में गड़बड़ी और मतदाता सूची में नाम नहीं होने की शिकायतें भी सामने आई थीं।

बीजेपी और कांग्रेस में आरोप-प्रत्यारोप

निकाय चुनाव के दौरान कांग्रेस और बीजेपी के बीच आरोप-प्रत्यारोप भी देखने को मिले। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार के पिछले ढाई साल के कार्यकाल में राज्य में कोई उल्लेखनीय काम नहीं हुआ। वहीं, बीजेपी ने जोधपुर में जिला निर्वाचन अधिकारी के पास शिकायत दर्ज कराई। पार्टी ने आरोप लगाया कि वार्ड नंबर 82 के उस मतदान केंद्र पर आचार संहिता का उल्लंघन हुआ, जहां अशोक गहलोत ने मतदान किया था।

फिलहाल, सभी नगर निकायों में मतगणना जारी है। अंतिम परिणाम आने के बाद ही राजस्थान में बीजेपी और कांग्रेस की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *