Noida Crime: धार्मिक अनुष्ठान के बाद मनोकामना पूरी नहीं होने से नाराज आरोपियों ने पूजा के पैसे वापस लेने के लिए नोएडा के पंडित को जौनपुर बुलाया और बंधक बना लिया. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
Knews Desk- नोएडा में धार्मिक अनुष्ठान कराने वाले एक पंडित के अपहरण और रंगदारी मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि मनोकामना पूरी नहीं होने पर जौनपुर के रहने वाले आशीष और प्रवेश ने पंडित अनिल तिवारी को दोबारा पूजा कराने के बहाने जौनपुर बुलाया. वहां पहुंचने के बाद दोनों ने उन्हें एक कमरे में बंधक बना लिया.
पूजा के पैसे वापस लेने के लिए रची साजिश
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने कुछ समय पहले अनिल तिवारी से धार्मिक अनुष्ठान कराया था. हालांकि, उनकी उम्मीद के मुताबिक परिणाम नहीं मिला. इसके बाद उन्होंने पूजा में खर्च हुए पैसे वापस लेने की योजना बनाई और पंडित को दोबारा अनुष्ठान कराने के बहाने जौनपुर बुला लिया.
जौनपुर पहुंचने पर आरोपियों ने पंडित को कमरे में बंद कर दिया. इसके बाद उन्हें छोड़ने के बदले परिजनों से एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई. रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई.
2 सितंबर को दर्ज हुई शिकायत
पीड़ित के परिजनों ने 2 सितंबर को पुलिस से शिकायत की. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पंडित की सुरक्षित बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित कीं.
रंगदारी लेने पहुंचे तो पुलिस ने दबोचा
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी. इसके बाद रंगदारी की रकम लेने पहुंचे दोनों आरोपियों को सर्फाबाद के पास से गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि पूजा में खर्च हुए पैसे वापस लेने के लिए उन्होंने पंडित को अगवा किया था.
थाना सेक्टर-113 के प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस साजिश में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं.