knews desk – रणबीर कपूर और साई पल्लवी स्टारर फिल्म ‘रामायण’ का इंतजार कर रहे फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी है. मेकर्स ने गणेश चतुर्थी के मौके पर फिल्म का पहला गाना ‘जय जय राम’ रिलीज कर दिया है. करीब 2 मिनट 8 सेकंड का यह गीत भगवान राम की महिमा, राम-सीता के पवित्र रिश्ते और उनके स्वयंवर की झलक दिखाता है. शानदार विजुअल्स और मधुर संगीत के साथ यह गाना दर्शकों को रामायण की दिव्य दुनिया में ले जाता है.
राम-सीता के प्रेम की दिखी झलक
‘जय जय राम’ गाने में रणबीर कपूर भगवान राम और साई पल्लवी मां सीता के किरदार में नजर आ रहे हैं. गीत में राम और सीता के बीच के पावन रिश्ते के साथ स्वयंवर का प्रसंग भी दिखाया गया है. दोनों की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री और भव्य एनिमेशन ने फैंस का ध्यान खींचा है.
करीब चार दशक पहले टेलीविजन पर प्रसारित हुआ रामानंद सागर का ‘रामायण’ आज भी दर्शकों के बीच लोकप्रिय है. अब इसी पौराणिक कथा को बड़े पर्दे पर नए अंदाज में पेश करने की तैयारी है. फिल्म का बजट करीब 4000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है.
‘जय जय राम’ के बोल कुमार विश्वास ने लिखे हैं, जबकि संगीत एआर रहमान ने दिया है. अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल की आवाज ने गीत को और भी खास बना दिया है. गीत के बोल, संगीत और विजुअल्स का शानदार मेल दर्शकों को पसंद आ रहा है.
फैंस ने दिए ऐसे रिएक्शन
गाना रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रियाएं आने लगीं. कई लोगों ने अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल की गायकी की तारीफ की. एक यूजर ने लिखा, “अरिजीत सिंह और श्रेया ने कमाल कर दिया.” वहीं, दूसरे यूजर ने इसे “रामायण की कहानी अरिजीत-श्रेया की जुबानी” बताया.
रणबीर कपूर के दिव्य लुक की भी खूब तारीफ हो रही है. एक फैन ने लिखा कि रणबीर भगवान राम के रूप में बहुत दिव्य लग रहे हैं. वहीं, कुछ दर्शकों ने कहा कि इस बार थिएटर मंदिर जैसा अनुभव देगा.
फिल्म ‘रामायण’ का निर्माण नमित मल्होत्रा ने किया है और निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है. फिल्म दो हिस्सों में रिलीज होगी. पहला पार्ट दिवाली 2026 और दूसरा पार्ट दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में आने की तैयारी में है.