KNEWS DESK- भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को 72 रनों से हराकर 2024 की हार का बदला चुकता किया। यह भारत का महिला एशिया कप में रिकॉर्ड 8वां खिताब है।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 183 रन बनाए। टीम की शुरुआत बेहद शानदार रही। सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने श्रीलंकाई गेंदबाजों की जमकर खबर ली और पहले विकेट के लिए 77 गेंदों में 129 रनों की साझेदारी की।
शेफाली वर्मा ने 39 गेंदों पर 68 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। उन्होंने महज 24 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर टी20 एशिया कप इतिहास का सबसे तेज अर्धशतक जड़ा। वहीं, स्मृति मंधाना ने 35 गेंदों में 59 रन की पारी खेली। आखिरी ओवरों में जी कमलिनी ने 5 गेंदों पर नाबाद 15 रन बनाकर भारत को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
111 रन पर सिमटी श्रीलंकाई टीम
184 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। कप्तान चमारी अटापट्टू ने 32 गेंदों पर 36 रन बनाए, लेकिन दीप्ति शर्मा ने उन्हें ऋचा घोष के हाथों स्टंप कराकर पवेलियन भेज दिया। उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज 30 रन का आंकड़ा पार नहीं कर सका।
श्रीलंकाई टीम 20 ओवर में 111 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से एन श्री चरणी ने 4 विकेट लिए, जबकि दीप्ति शर्मा ने 3 विकेट चटकाए। शेफाली वर्मा और प्रेमा रावत को भी 1-1 सफलता मिली। इस जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट में अपना दबदबा कायम रखा।