हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने नवंबर सेशन की शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. परीक्षा 22 नवंबर से 6 दिसंबर 2026 के बीच 9 कैटेगरी में आयोजित होगी. उम्मीदवार बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं.
Knews Desk- हिमाचल प्रदेश में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए जरूरी खबर है. हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने HP TET 2026 नवंबर सेशन के लिए आवेदन शुरू कर दिए हैं. ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 11 सितंबर से जारी है. इच्छुक उम्मीदवार 3 अक्टूबर 2026 तक बिना लेट फीस के आवेदन कर सकते हैं.
इस बार शिक्षक पात्रता परीक्षा 9 अलग-अलग कैटेगरी में आयोजित की जाएगी. इनमें टीजीटी आर्ट्स, टीजीटी मेडिकल, टीजीटी नॉन-मेडिकल, टीजीटी हिंदी, टीजीटी संस्कृत, जेबीटी, पंजाबी, उर्दू और स्पेशल एजुकेटर टीईटी शामिल हैं.
उम्मीदवार 3 अक्टूबर की रात 11:59 बजे तक सामान्य आवेदन शुल्क के साथ फॉर्म जमा कर सकते हैं. इसके बाद 4 से 8 अक्टूबर तक 600 रुपये अतिरिक्त लेट फीस देकर आवेदन करने का अवसर मिलेगा.
आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य वर्ग और संबंधित श्रेणियों के उम्मीदवारों के लिए 1,200 रुपये निर्धारित किए गए हैं. वहीं OBC, SC, ST और दिव्यांग अभ्यर्थियों को 700 रुपये फीस का भुगतान करना होगा.
9 अक्टूबर से करेक्शन की सुविधा
आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद उम्मीदवार 9 से 12 अक्टूबर 2026 तक अपने फॉर्म में जरूरी सुधार कर सकेंगे. हालांकि, कैटेगरी या सब-कैटेगरी में बदलाव ऑनलाइन नहीं किया जा सकेगा. इसके लिए अभ्यर्थियों को बोर्ड कार्यालय में जाकर 15 अक्टूबर तक आवेदन करना होगा.
परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड संबंधित पेपर की तारीख से चार दिन पहले जारी किए जाएंगे.
HP TET 2026 का पूरा परीक्षा शेड्यूल
HP TET नवंबर सेशन की परीक्षाएं 22 नवंबर से शुरू होकर 6 दिसंबर 2026 तक चलेंगी. सभी पेपर दो शिफ्ट में आयोजित होंगे. पहली शिफ्ट सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक होगी.
परीक्षा का कैटेगरी-वाइज शेड्यूल इस प्रकार है:
- 22 नवंबर 2026: सुबह टीजीटी आर्ट्स और दोपहर में जेबीटी की परीक्षा होगी.
- 29 नवंबर 2026: पहली शिफ्ट में टीजीटी नॉन-मेडिकल और स्पेशल एजुकेटर टीजीटी (कक्षा 6 से 12) का पेपर होगा. दूसरी शिफ्ट में टीजीटी संस्कृत और स्पेशल एजुकेटर टीजीटी (प्री-प्राइमरी से कक्षा 5) की परीक्षा होगी.
- 6 दिसंबर 2026: सुबह टीजीटी मेडिकल, पंजाबी और उर्दू की परीक्षा आयोजित की जाएगी. दोपहर की शिफ्ट में टीजीटी हिंदी का पेपर होगा.
उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे आवेदन करने से पहले अपनी कैटेगरी, परीक्षा की तारीख, शिफ्ट और निर्धारित फीस की जानकारी जरूर जांच लें. परीक्षा से जुड़ी अधिक जानकारी और आवेदन के लिए बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट hpbose.org पर विजिट करें.