Ambedkarnagar News: अंबेडकरनगर में खासपुर के परिषदीय विद्यालय में तैनात PRD जवान वीरेंद्र प्रताप ने आत्महत्या कर ली. साथी जवानों का दावा है कि पांच महीने से मानदेय नहीं मिलने के कारण वह आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे थे.
Knews desk- उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. अलीगंज थाना क्षेत्र के खासपुर गांव स्थित परिषदीय विद्यालय में ड्यूटी कर रहे एक PRD जवान ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान रायपुर गांव निवासी 35 वर्षीय वीरेंद्र प्रताप के रूप में हुई है. उनके परिवार में पत्नी के अलावा चार छोटे बच्चे हैं.
जानकारी के मुताबिक, वीरेंद्र प्रताप की ड्यूटी खासपुर के प्राथमिक विद्यालय में सुरक्षा व्यवस्था के लिए लगाई गई थी. शुक्रवार रात वह रोजाना की तरह ड्यूटी पर पहुंचे थे. उनके साथ एक अन्य जवान की भी तैनाती थी, लेकिन वह रात में स्कूल नहीं आया.
शनिवार सुबह ग्रामीणों ने स्कूल के एक कमरे में वीरेंद्र का शव फंदे से लटका देखा. कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था. सूचना मिलते ही अलीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाकर शव को बाहर निकाला. पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
5 महीने से नहीं मिला था मानदेय
साथी PRD जवान राकेश ने बताया कि अप्रैल से लगातार ड्यूटी करने के बावजूद जवानों को अभी तक मानदेय नहीं मिला है. उनके मुताबिक, इस वजह से कई जवान आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं.
राकेश का दावा है कि वीरेंद्र ने कुछ दिन पहले उनसे अपनी परेशानी साझा की थी. उन्होंने कहा था कि अगर जल्द मानदेय नहीं मिला तो वह आत्महत्या कर लेंगे. हालांकि, पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी.
पत्नी और चार बच्चों को छोड़ गए पीछे
वीरेंद्र प्रताप की मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना के समय उनकी पत्नी मायके में थीं. जवान की मौत के बाद पत्नी और चार छोटे बच्चों के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है.
अलीगंज थाना प्रभारी सुनील पांडे के अनुसार, वीरेंद्र प्रताप PRD जवान थे और खासपुर के विद्यालय में उनकी ड्यूटी लगी थी. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों व विभागीय अधिकारियों से बातचीत के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.