कानपुर में गड्ढामुक्त सड़कों पर सख्ती, ठेकेदार पर 20 लाख का जुर्माना; एक सप्ताह में मरम्मत के निर्देश

KNEWS DESK- मंडलायुक्त के. विजेंद्र पांडियन ने शहर की सड़कों का निरीक्षण किया. स्वरूप नगर में सीएम ग्रिड सड़क के काम में लापरवाही मिलने पर एसएस इंफ्राटेक कंपनी पर कार्रवाई की गई. तय समय में काम पूरा नहीं होने पर ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी दी गई है.

कानपुर में बारिश से खराब हुई सड़कों की मरम्मत को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. मंडलायुक्त के. विजेंद्र पांडियन ने शहर के कई इलाकों में सड़कों का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की स्थिति का जायजा लिया. इस दौरान लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों को फटकार लगाई गई. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़कों की मरम्मत में देरी या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

स्वरूप नगर में ठेकेदार पर कार्रवाई

स्वरूप नगर में सीएम ग्रिड योजना के तहत बनाई जा रही सड़क के निरीक्षण के दौरान काम में लापरवाही सामने आई. इस पर मंडलायुक्त ने संबंधित ठेकेदार को फटकार लगाते हुए एसएस इंफ्राटेक कंपनी पर 20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया. कंपनी को सड़क का काम 31 अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं. अधिकारियों के मुताबिक, निर्धारित समयसीमा में काम पूरा नहीं होने पर कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जा सकती है.

एक सप्ताह में गड्ढामुक्त होंगी सड़कें

मंडलायुक्त ने कहा कि बारिश के कारण खराब हुई सड़कों को एक सप्ताह के भीतर दुरुस्त कराया जाएगा. उन्होंने संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर गड्ढों की मरम्मत कराने और काम की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि लापरवाही मिलने पर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी.

नगर निगम के ठेकेदारों को दिया भरोसा

नगर निगम में ठेकेदारों के काम नहीं करने के मुद्दे पर मंडलायुक्त ने कहा कि ठेकेदारों को किसी तरह का डर रखने की जरूरत नहीं है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि विकास कार्यों में कमीशन नहीं लिया जाएगा. मंडलायुक्त ने बाहर के ठेकेदारों से भी नगर निगम के विकास कार्यों के टेंडर में हिस्सा लेने की अपील की. प्रशासन का कहना है कि सड़क निर्माण और मरम्मत के काम में तेजी लाकर शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *