हनुमान अंश की महिमा का जलवा बरकरार, 200 करोड़ पार कलेक्शन, लगातार 9वें दिन डबल डिजिट में कमाई

KNEWS DESK – बॉलीवुड की डिवोशनल फिल्म ‘हनुमान अंश की महिमा’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है. शुरुआत में दर्शकों के लिए तरस रही यह फिल्म अब लगातार रिकॉर्डतोड़ कमाई कर रही है. रिलीज के 36 दिन बाद भी फिल्म की कमाई थमने का नाम नहीं ले रही. नीम करोली बाबा के जीवन पर आधारित इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ रुपये से ज्यादा का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है.

36वें दिन भी 10 करोड़ से ज्यादा कमाई

सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘हनुमान अंश की महिमा’ ने रिलीज के 36वें दिन 10.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. खास बात यह है कि फिल्म पिछले 9 दिनों से लगातार 10 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर रही है. शुरुआत में फिल्म की कमाई बेहद धीमी थी, लेकिन अब इसकी रफ्तार देखकर हर कोई हैरान है.

फिल्म की कमाई में यह उछाल दर्शकों के अच्छे वर्ड ऑफ माउथ का नतीजा माना जा रहा है. पहले जहां फिल्म को सिनेमाघरों से हटाया जा रहा था, वहीं अब यह कई जगहों पर दर्शकों की पसंद बनी हुई है.

2 करोड़ के बजट में 200 करोड़ से ज्यादा का कारोबार

‘हनुमान अंश की महिमा’ का अब तक का नेट कलेक्शन 173.63 करोड़ रुपये हो चुका है. वहीं फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 205.15 करोड़ रुपये बताया जा रहा है. लगभग 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने लागत से 100 गुना से ज्यादा कमाई कर ली है.

आने वाले वीकेंड में फिल्म से और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है. अगर इसकी कमाई का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो यह बॉक्स ऑफिस पर एक और बड़ा रिकॉर्ड बना सकती है.

पिछले कुछ वर्षों में धार्मिक और आध्यात्मिक फिल्मों का क्रेज तेजी से बढ़ा है. ‘हनुमान’, ‘महावतार नरसिम्हा’ और ‘लालो कृष्ण सहायते’ जैसी फिल्मों ने कम बजट में शानदार कमाई कर दर्शकों का ध्यान खींचा है.

अब ‘हनुमान अंश की महिमा’ भी इसी राह पर आगे बढ़ रही है. फिल्म ने कमाई के मामले में इतिहास रच दिया है और आने वाले दिनों में अपने रिकॉर्ड को और मजबूत करने की कोशिश करेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *