BRICS Summit: विदेशी मेहमानों के स्वागत को तैयार कनॉट प्लेस, रेस्टोरेंट्स में सजे भारतीय स्वाद के खास व्यंजन

कारोबारियों में उत्साह, मेहमानों के लिए भारतीय मसालों और मिलेट्स से तैयार हुआ स्पेशल मेन्यू

Knews Desk- दिल्ली का कनॉट प्लेस BRICS समिट में शामिल होने वाले विदेशी मेहमानों के स्वागत के लिए तैयार है। समिट को लेकर जहां कारोबारियों में उत्साह है, वहीं रेस्टोरेंट्स ने भी मेहमानों के लिए खास तैयारियां की हैं। भारतीय व्यंजनों, मसालों और मिलेट्स से तैयार विशेष मेन्यू के जरिए विदेशी मेहमानों को देश के स्वाद से रूबरू कराने की तैयारी है।

कनॉट प्लेस स्थित द हॉस्ट रेस्टोरेंट के मैनेजर मनमोहन भंडारी ने कहा कि भारत में BRICS सम्मेलन का आयोजन होना पूरे देश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए कहा कि देश में ऐसे कई बदलाव हो रहे हैं, जिनसे भारत की ताकत और पहचान दुनिया के सामने बेहतर तरीके से सामने आ रही है।

मनमोहन भंडारी ने बताया कि रेस्टोरेंट में विदेशी मेहमानों के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। भारतीय खाने के साथ-साथ मेहमानों की पसंद और उनके देश के व्यंजनों को भी ध्यान में रखा गया है। जरूरत पड़ने पर उनके मनपसंद खाने की व्यवस्था भी की जाएगी।

उन्होंने कहा कि भारत में अतिथि देवो भव की परंपरा रही है। विदेशी मेहमानों का स्वागत अच्छे भोजन और भारतीय संस्कृति के साथ किया जाएगा। उन्होंने मिलेट्स और भारतीय मसालों का जिक्र करते हुए कहा कि देश के पारंपरिक स्वाद को मेहमानों तक पहुंचाना उनके लिए गर्व की बात है।

भंडारी ने कहा कि BRICS समिट को लेकर कनॉट प्लेस में खुशी का माहौल है। उन्होंने इस आयोजन को दिवाली जैसे त्योहार से जोड़ते हुए कहा कि विदेशी मेहमानों का स्वागत करना पूरे देश के सम्मान की बात है।

समिट से कारोबारियों को भी बड़ी उम्मीदें

नई दिल्ली ट्रेड एसोसिएशन के अध्यक्ष अतुल भार्गव ने कहा कि दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन होना देश के लिए गौरव की बात है। BRICS में चीन, रूस और ब्राजील समेत कई देशों के प्रतिनिधियों के शामिल होने से भारत की अंतरराष्ट्रीय पहचान और मजबूत होगी।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से दिल्ली के कारोबारियों को भी फायदा होता है। समिट की तैयारियों के दौरान कनॉट प्लेस में सफाई और व्यवस्था में सुधार हुआ है। उनके मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन होते रहने से दिल्ली को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

दुनिया में भारत की बढ़ती पहचान का जिक्र

अतुल भार्गव ने विदेश यात्रा का अनुभव साझा करते हुए कहा कि आज दुनिया भारत को सम्मान की नजर से देख रही है। उन्होंने भारत की बढ़ती GDP और मजबूत होती अंतरराष्ट्रीय छवि का जिक्र किया।

उन्होंने कहा कि जहां कई देशों की अर्थव्यवस्थाएं चुनौतियों का सामना कर रही हैं, वहीं भारत की ग्रोथ पर दुनिया की नजर है। उनके मुताबिक, देश में मिलकर काम करने की भावना और विकास की रफ्तार भारत की पहचान को लगातार मजबूत कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *