उत्तराखंड में 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान, विकसित भारत 2047 के संकल्प से जुड़ेंगे नागरिक

Knews Desk- उत्तराखंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान अभियान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य सेवा, जनभागीदारी, संवाद और नवाचार के माध्यम से प्रदेश के नागरिकों को विकसित भारत 2047 के संकल्प से जोड़ना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। उनके नेतृत्व में देश ने विकसित भारत का लक्ष्य तय किया है और अब इस संकल्प को पूरा करने के लिए जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री धामी के अनुसार, सेवा संकल्प अभियान के तहत राज्य में 11 प्रमुख कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। इनमें विद्यार्थी, युवा, महिलाएं, लाभार्थी, अभिभावक, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन और आम नागरिक शामिल होंगे। अभियान के दौरान सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत सरकारी योजनाओं के केंद्रों, गैस वितरण केंद्रों, राशन की दुकानों, धार्मिक स्थलों और गंगा तटों पर दीप प्रज्वलन एवं सामूहिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नए मेडिकल कॉलेज, बांध, पुल, अमृत सरोवर और जन औषधि केंद्रों जैसे स्थानों पर भी कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।

शैक्षणिक संस्थानों में विकसित भारत 2047 की परिकल्पना और अगले 25 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित चित्रकला, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ के तहत विद्यालयों में देश की उपलब्धियों पर आधारित नाटकों का मंचन होगा। वहीं, आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों, अभिभावकों, आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं की भागीदारी से गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। मातृ-बाल स्वास्थ्य, पोषण और शिशु कल्याण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

नवाचार और जनभागीदारी पर जोर

‘सेवा की कहानियों’ के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से नागरिकों के जीवन में आए बदलावों को सामने लाया जाएगा। ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के तहत प्रमुख चौराहे पर विकसित भारत 2047 से संबंधित कलश स्थापित करने की योजना है। इसके साथ साइकिल और बाइक यात्रा भी आयोजित की जाएगी।

‘सेवा : मेरा योगदान’ कार्यक्रम में नागरिकों को वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, शिक्षण कार्य और अन्य समाजोपयोगी गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। वहीं, ‘सेवा सेतु’ अभियान के तहत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देने के साथ स्वास्थ्य एवं बहुउद्देशीय शिविर भी आयोजित होंगे।

‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के तहत वास्तविक जीवन की समस्याओं से जुड़े सुझाव लिए जाएंगे। IITs, IIMs और विशेषज्ञों को ज्यूरी एवं मेंटर के रूप में शामिल करने की योजना है। चयनित नवाचारों को मार्गदर्शन, संरक्षण और परीक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान के दौरान फोटो, वीडियो, लाभार्थियों के अनुभव और सकारात्मक बदलाव की कहानियों को मीडिया के माध्यम से प्रसारित किया जाएगा। सेवा संकल्प अभियान हर जिले में विस्तृत रूप से आयोजित होगा, जिसमें संबंधित जिलों के प्रभारी मंत्री भी मौजूद रहेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बताया था, जिसे जनता के सहयोग से आगे बढ़ाया जाएगा। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, राम सिंह कैड़ा और महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *