knews desk – सलमान खान बॉलीवुड के उन सुपरस्टार्स में शामिल हैं, जिनकी फिल्मों का फैंस बेसब्री से इंतजार करते हैं. लंबे समय से उनकी अपकमिंग एक्शन-ड्रामा फिल्म चर्चा में है. इस फिल्म का निर्देशन वामशी पेडिपल्ली कर रहे हैं, जबकि दिल राजू इसके प्रोड्यूसर हैं. फिल्म में ‘जवान’ एक्ट्रेस नयनतारा फीमेल लीड रोल में नजर आएंगी.
हालांकि, फिल्म की स्टारकास्ट और मेकर्स को लेकर जानकारी सामने आ चुकी है, लेकिन इसके टाइटल पर अभी तक सस्पेंस बना हुआ है. अब फिल्म के एक एक्टर के बयान से इसके नाम को लेकर तस्वीर काफी हद तक साफ होती नजर आ रही है.
‘द मैसेंजर्स’ या ‘मॉन्स्टर’?
सलमान खान ने इसी साल मार्च में सोशल मीडिया के जरिए अपनी इस फिल्म का ऐलान किया था. हालांकि, उस वक्त उन्होंने फिल्म के नाम का खुलासा नहीं किया था. इसके बाद टाइटल को लेकर कई तरह की रिपोर्ट्स सामने आईं.
कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि फिल्म का नाम ‘द मैसेंजर्स’ रखा जाएगा. वहीं, हालिया रिपोर्ट्स में फिल्म का टाइटल ‘मॉन्स्टर’ बताया गया. इसी वजह से फैंस के बीच कंफ्यूजन बना हुआ है.
अब फिल्म में काम कर रहे एक्टर चंदन के. आनंद ने इसे ‘मॉन्स्टर’ कहकर संबोधित किया है, जिसके बाद माना जा रहा है कि यही फिल्म का फाइनल नाम हो सकता है.
चंदन के. आनंद ने क्या कहा?
चंदन के. आनंद हाल ही में नीम करोली बाबा पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ में नजर आए थे. अब उन्होंने सलमान खान और वामशी पेडिपल्ली की फिल्म में काम करने की पुष्टि की है.
https://www.instagram.com/p/Dc29T20ga1s/
अमित भाटिया के साथ बातचीत के दौरान चंदन ने कहा, “मैं सलमान सर के साथ वामशी पेडिपल्ली सर की ‘मॉन्स्टर’ में एक रोल प्ले कर रहा हूं.”
चंदन के इस बयान के बाद फिल्म के टाइटल को लेकर चल रही चर्चाओं को और हवा मिल गई है. हालांकि, मेकर्स की ओर से अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.
ये सितारे भी फिल्म का हिस्सा
सलमान खान और नयनतारा के अलावा फिल्म में अनिल कपूर, जैकी श्रॉफ, अरविंद स्वामी और राहुल देव जैसे कलाकारों के भी नजर आने की चर्चा है. अगर ये सभी कलाकार फिल्म का हिस्सा बनते हैं, तो इसकी स्टारकास्ट काफी दमदार हो जाएगी.
फिल्म को बड़े स्तर पर तैयार किया जा रहा है और इसे साल 2027 में ईद के मौके पर रिलीज करने की योजना है. अब फैंस को इंतजार है कि मेकर्स कब आधिकारिक तौर पर फिल्म के नाम और पूरी कास्ट का ऐलान करते हैं.