भीलवाड़ा की रहने वाली थीं दोनों महिलाएं, भागवत कथा में शामिल होने पहुंची थीं बद्रीनाथ धाम
Knews Desk- बद्रीनाथ धाम में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में राजस्थान की दो बुजुर्ग महिला श्रद्धालुओं की जान चली गई. दोनों महिलाएं तप्त कुंड में स्नान के दौरान लगातार 108 डुबकियां लगा रही थीं. इसी दौरान अचानक बेहोश होकर गर्म पानी में गिर पड़ीं. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया.
जानकारी के मुताबिक, राजस्थान के भीलवाड़ा जिले से श्रद्धालुओं का एक दल 4 सितंबर को बद्रीनाथ धाम पहुंचा था. शुक्रवार सुबह करीब 4:30 बजे दल में शामिल चार महिलाएं और एक पुरुष भगवान बद्रीविशाल के दर्शन के लिए मंदिर परिसर पहुंचे. पुरुष श्रद्धालु अमर चंद्र शर्मा पुरुषों के तप्त कुंड में स्नान करने चले गए, जबकि महिलाएं महिला कुंड में स्नान करने लगीं.
बताया गया कि 71 वर्षीय रामू देवी और उनकी 63 वर्षीय बहन प्रेम देवी तप्त कुंड में प्रभु का नाम जपते हुए लगातार 108 डुबकियां लगा रही थीं. स्नान के दौरान दोनों अचानक बेहोश होकर पानी में गिर गईं. साथ में मौजूद भगवती और सोनी नाम की महिलाओं ने यह देखा तो शोर मचाया और दोनों को कुंड से बाहर निकाला.
सीपीआर के बाद भी नहीं बची जान
हादसे के तुरंत बाद पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने दोनों महिलाओं को बचाने के लिए सीपीआर देने की कोशिश की. इसके बाद उन्हें बद्रीनाथ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.
बद्रीनाथ थाना प्रभारी महादेव उनियाल के अनुसार, पुलिस ने दोनों शवों को पंचनामा भरकर कब्जे में ले लिया है. मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
अधिक देर तक गर्म पानी में रहने की आशंका
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि गर्म पानी में लगातार डुबकी लगाने के दौरान शरीर में ऑक्सीजन की कमी या किसी अन्य चिकित्सीय कारण से दोनों महिलाएं बेहोश हुई होंगी. हालांकि, मौत की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी. घटना के बाद श्रद्धालु दल और परिजनों में शोक का माहौल है.