MP Police Vacancy 2026: SI और सूबेदार के 507 पदों पर निकली भर्ती, आवेदन की आखिरी तारीख 23 सितंबर

KNEWS DESK- मध्य प्रदेश में पुलिस विभाग में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है. मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने सूबेदार और सब-इंस्पेक्टर के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. इस भर्ती के तहत कुल 507 पदों को भरा जाएगा. इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी 23 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.

भर्ती में जिला पुलिस बल और विशेष सशस्त्र बल के अलावा फिंगर प्रिंट, आर्म्स, फोटो और क्यूडी जैसे तकनीकी पद भी शामिल हैं. आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को संबंधित पद की शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और आवेदन शुल्क की जानकारी जरूर देख लेनी चाहिए.

507 पदों का भर्ती विवरण

MPESB की सब-इंस्पेक्टर और सूबेदार भर्ती में अलग-अलग पदों के लिए रिक्तियां निर्धारित की गई हैं.

  • सूबेदार: 81 पद
  • SI जिला पुलिस बल (DEF): 312 पद
  • SI विशेष सशस्त्र बल (SAF): 69 पद
  • SI फिंगर प्रिंट: 22 पद
  • SI आर्म्स: 10 पद
  • SI फोटो: 9 पद
  • SI क्यूडी: 4 पद

इस तरह कुल 507 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी.

कब तक कर सकते हैं आवेदन?

ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 9 सितंबर 2026 से शुरू हो चुकी है. अभ्यर्थी 23 सितंबर 2026 तक अपना फॉर्म जमा कर सकते हैं. आवेदन में किसी तरह की गलती होने पर 28 सितंबर 2026 तक करेक्शन का मौका मिलेगा. लिखित परीक्षा 28 अक्टूबर 2026 से शुरू होने की संभावना है. परीक्षा की निश्चित तारीख और अन्य निर्देशों के लिए उम्मीदवारों को आधिकारिक नोटिफिकेशन देखना चाहिए.

शैक्षणिक योग्यता क्या है?

सूबेदार, SI जिला पुलिस बल और SI विशेष सशस्त्र बल के नॉन-टेक्निकल पदों के लिए मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन की डिग्री जरूरी है. तकनीकी पदों के लिए अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता निर्धारित की गई है. SI आर्म्स के लिए मैकेनिकल इंजीनियरिंग में तीन वर्षीय डिप्लोमा मांगा गया है. वहीं SI फोटो, फिंगर प्रिंट और क्यूडी पदों के लिए फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथ्स यानी PCM विषयों के साथ ग्रेजुएशन आवश्यक है.

कितनी है अधिकतम उम्र?

उम्मीदवारों की आयु की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी. सामान्य वर्ग के पुरुष अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम आयु सीमा 33 वर्ष है. मध्य प्रदेश के SC, ST, OBC और EWS वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों के साथ सभी वर्ग की महिला अभ्यर्थियों को अधिकतम 38 वर्ष की आयु तक आवेदन करने की अनुमति है. आयु सीमा और आरक्षण से जुड़े विस्तृत नियम आधिकारिक भर्ती विज्ञापन में देखे जा सकते हैं.

आवेदन शुल्क कितना देना होगा?

सामान्य वर्ग और दूसरे राज्यों के उम्मीदवारों के लिए परीक्षा शुल्क 500 रुपये निर्धारित है. मध्य प्रदेश के मूल निवासी SC, ST, OBC और EWS वर्ग के अभ्यर्थियों को 250 रुपये परीक्षा शुल्क देना होगा. कियोस्क के माध्यम से आवेदन करने पर 60 रुपये की पोर्टल फीस अलग से देनी होगी.

MPESB SI भर्ती 2026 के लिए ऐसे करें आवेदन

  1. सबसे पहले MPESB की आधिकारिक वेबसाइट esb.mp.gov.in पर जाएं.
  2. होम पेज पर Subedar & Sub-Inspector Recruitment Test 2026 के ऑनलाइन फॉर्म लिंक पर क्लिक करें.
  3. प्रोफाइल रजिस्ट्रेशन पूरा करके लॉगिन करें.
  4. अपनी शैक्षणिक योग्यता और अन्य जरूरी जानकारी दर्ज करें.
  5. फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करें.
  6. निर्धारित आवेदन शुल्क जमा करें.
  7. फॉर्म सबमिट करने के बाद उसका प्रिंटआउट या डिजिटल कॉपी सुरक्षित रख लें.

अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि आवेदन करने से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन में दी गई सभी शर्तों को ध्यान से पढ़ें. भर्ती परीक्षा से संबंधित अपडेट MPESB की वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *