KNEWS DESK- राजस्थान निकाय चुनाव के दूसरे चरण में शुक्रवार को मतदान के दौरान कई जगह विवाद सामने आए। जयपुर में मतदान केंद्र के अंदर कांग्रेस प्रत्याशी की मौजूदगी पर निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थकों ने आपत्ति जताई। वहीं, बाड़मेर में भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों के रिश्तेदारों के बीच मारपीट की घटना सामने आई। झुंझुनूं के चिड़ावा में निर्दलीय प्रत्याशी ने खुद पर हमले का आरोप लगाया है।
जयपुर के वार्ड नंबर-114 में धाभाई जी का खुर्रा स्थित कसेरियों की धर्मशाला में मतदान केंद्र बनाया गया था। वोटिंग शुरू होते ही निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थकों ने बूथ के अंदर कांग्रेस प्रत्याशी की मौजूदगी को लेकर विरोध जताया। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
विवाद की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। हंगामे के चलते मतदान केंद्र पर कुछ देर तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस की मौजूदगी में मतदान प्रक्रिया आगे जारी रही।
बाड़मेर में प्रत्याशियों के रिश्तेदारों में विवाद
बाड़मेर की धोरीमन्ना नगरपालिका के वार्ड नंबर-5 में वोट मांगने को लेकर भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों के रिश्तेदार आमने-सामने आ गए। आरोप है कि कांग्रेस प्रत्याशी की रिश्तेदार महिला ने भाजपा प्रत्याशी के रिश्तेदार को थप्पड़ मार दिया।
जानकारी के मुताबिक, दोनों पक्ष अपने-अपने प्रत्याशियों के समर्थन में घर-घर जाकर वोट मांग रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मौके पर हंगामा शुरू हो गया। घटना के बाद इलाके में कुछ देर तनाव का माहौल बना रहा।
चिड़ावा में निर्दलीय प्रत्याशी ने लगाया हमले का आरोप
झुंझुनूं जिले के चिड़ावा में भी मतदान के दौरान विवाद की खबर सामने आई। यहां एक निर्दलीय प्रत्याशी ने खुद पर हमला किए जाने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। पुलिस घटना की जानकारी जुटा रही है।
राजस्थान निकाय चुनाव के दूसरे चरण में मतदान के दौरान सामने आए इन विवादों ने शांतिपूर्ण मतदान और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं।