बिपाशा बसु के प्रोटीन प्रोडक्ट में निकले कीड़े! एक्ट्रेस ने तुकाराम मुंडे से लगाई मदद की गुहार

knews desk – महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) के कमिश्नर तुकाराम मुंडे इन दिनों खाद्य सुरक्षा को लेकर सख्त कार्रवाई के चलते चर्चा में हैं. अब बॉलीवुड एक्ट्रेस बिपाशा बसु ने भी उनसे मदद की अपील की है. एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर लिक्विड प्रोटीन प्रोडक्ट के अंदर छोटे-छोटे कीड़े मिलने की शिकायत की है.

नए पैक में दिखे छोटे-छोटे कीड़े

बिपाशा बसु ने 10 सितंबर को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो पोस्ट किया. वीडियो में उन्होंने बताया कि उन्होंने प्रोडक्ट का नया डिब्बा खोला था, लेकिन उसके अंदर छोटे-छोटे कीड़े नजर आए.

एक्ट्रेस ने अपनी पोस्ट में तुकाराम मुंडे को टैग करते हुए उनसे मामले में मदद की उम्मीद जताई. बिपाशा ने लिखा, “तुकाराम मुंडे सिर्फ आप ही एक उम्मीद हैं, ताकि हमलोग जो कुछ भी खरीदें, वो खराब ना हो, उसमें किसी भी तरह की कोई मिलावट न हो.”

बिपाशा की इस शिकायत के बाद एक बार फिर खाद्य पदार्थों की क्वालिटी और पैकेजिंग को लेकर सवाल उठने लगे हैं.

श्वेता तिवारी ने भी की थी शिकायत

यह पहली बार नहीं है जब किसी सेलिब्रिटी ने तुकाराम मुंडे को टैग करके खाद्य सुरक्षा से जुड़ी शिकायत की हो. इससे पहले टीवी एक्ट्रेस श्वेता तिवारी ने भी सोशल मीडिया पर उन्हें टैग कर एक क्विक-कॉमर्स ऐप से जुड़े मामले में कार्रवाई की मांग की थी.

श्वेता ने दावा किया था कि उन्होंने ऑनलाइन कोल्ड ड्रिंक ऑर्डर की थी, लेकिन उसके साथ कॉकरोच भी उनके घर पहुंच गया. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए तुकाराम मुंडे से इस मामले पर ध्यान देने की अपील की थी.

फूड सेफ्टी को लेकर सख्त हैं तुकाराम मुंडे

तुकाराम मुंडे महाराष्ट्र FDA में खाद्य सुरक्षा और हाइजीन से जुड़े मामलों को लेकर लगातार कार्रवाई के लिए चर्चा में रहे हैं. खाद्य पदार्थों में मिलावट या नियमों के उल्लंघन से जुड़े मामलों पर उनके एक्शन के चलते सोशल मीडिया पर भी उनका नाम काफी सुर्खियों में रहता है.

तुकाराम मुंडे का नाम बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के एक सोशल मीडिया पोस्ट में भी सामने आया था. रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान ने अपनी एक दोस्त के कैफे का जिक्र करते हुए मजाकिया अंदाज में हाइजीन का ध्यान रखने की बात कही थी और लिखा था कि ऐसा नहीं हुआ तो वह “उन्हें भेज देंगे.”

अब बिपाशा बसु की शिकायत के बाद देखना होगा कि महाराष्ट्र FDA की ओर से इस मामले में क्या कार्रवाई की जाती है और संबंधित प्रोडक्ट को लेकर जांच होती है या नहीं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *