knews desk – बॉलीवुड एक्ट्रेस यामी गौतम धर के फैंस के लिए खुशखबरी है. उनकी अपकमिंग थिएट्रिकल फिल्म ‘नयी नवेली’ का ऑफिशियल टीजर रिलीज हो गया है. अमेजन MGM स्टूडियोज और कलर येलो के बैनर तले बन रही इस फिल्म की पहली झलक ने कहानी को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है.
टीजर से अंदाजा लगाया जा सकता है कि फिल्म में फैमिली ड्रामा, कॉमेडी, फैंटेसी और एक्शन का जबरदस्त मिश्रण देखने को मिलेगा. यामी गौतम इस बार बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आ रही हैं. उनका किरदार कहानी में कई रहस्यों और ट्विस्ट के बीच फंसा दिखाई देता है.
‘भाभी डायन है’… और बदल जाता है पूरा माहौल
फिल्म का टीजर एक सामान्य परिवार की कहानी से शुरू होता है, लेकिन जल्द ही कहानी में ऐसा मोड़ आता है जो पूरे माहौल को रहस्यमयी बना देता है. जीजा के एक दावे के बाद परिवार में अजीबोगरीब घटनाएं होने लगती हैं. ‘भाभी डायन है’ वाली बात सामने आने के बाद कहानी में रहस्य और रोमांच बढ़ता दिखाई देता है.
टीजर में रहस्यमयी किरदारों और कई चौंकाने वाले घटनाक्रमों की झलक मिलती है. वहीं यामी गौतम का किरदार भी दर्शकों के लिए बड़ा सरप्राइज नजर आ रहा है. फिल्म की पहली झलक सवाल छोड़ती है कि आखिर परिवार के बीच चल रही इस पूरी कहानी की सच्चाई क्या है और कौन-सा राज सबसे बड़ा है.
यामी गौतम का फिर दिखेगा अलग अवतार
यामी गौतम पिछले कुछ समय से लगातार अलग-अलग तरह के किरदारों के साथ प्रयोग करती नजर आई हैं. ‘आर्टिकल 370’ में उन्होंने इंटेलिजेंस ऑफिसर जोनी हक्सर का गंभीर और दमदार किरदार निभाया था, जबकि ‘धूम धाम’ में उनका अंदाज काफी मस्तीभरा और बेबाक नजर आया.
साल 2025 में आई ‘हक’ में भी यामी ने अलग तरह का किरदार निभाया. अब ‘नयी नवेली’ में उनका नया अवतार उनके फैंस के लिए खास आकर्षण बन सकता है.
हिमांशु शर्मा ने लिखी कहानी
‘नयी नवेली’ की कहानी हिमांशु शर्मा और दिव्य निधि शर्मा ने लिखी है. फिल्म का निर्देशन बालाजी मोहन ने किया है, जबकि इसका संगीत जी. वी. प्रकाश कुमार ने तैयार किया है.
फिल्म का निर्माण आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा ने किया है. निर्माताओं ने कहानी में कॉमेडी और फैंटेसी के साथ एक्शन और पारिवारिक ड्रामे को भी शामिल किया है.
टीजर के बाद अब दर्शकों की नजर फिल्म की रिलीज पर है. ‘नयी नवेली’ 16 अक्टूबर 2026 को पूरे भारत में सिनेमाघरों में रिलीज होगी. फिलहाल टीजर ने कहानी के रहस्य को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. अब फिल्म रिलीज होने के बाद ही पता चलेगा कि सच में ‘भाभी डायन’ है या इस दावे के पीछे छिपा है कोई बड़ा राज.