क्या शैरन वर्मा को डेट कर रहे हैं समय रैना? कॉमेडियन ने बताया रिश्ते का सच

knews desk – कॉमेडियन समय रैना एक बार फिर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं। इस बार उनके सुर्खियों में आने की वजह कोई विवाद नहीं, बल्कि उनकी डेटिंग लाइफ है। हाल ही में ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ सीजन 2 में समय रैना और शैरन वर्मा की बॉन्डिंग ने सोशल मीडिया पर खूब ध्यान खींचा।

शो के दौरान दोनों के बीच हुई मजेदार नोकझोंक और हंसी-मजाक के कई वीडियो क्लिप्स वायरल हुए। इसके बाद सोशल मीडिया पर दोनों के रिलेशनशिप को लेकर अटकलें लगाई जाने लगीं। अब खुद समय रैना ने इन अफवाहों पर अपनी चुप्पी तोड़ दी है।

शैरन को डेट करने के सवाल पर बोले समय

समय रैना से इंस्टाग्राम पर एक फैन ने सीधे सवाल किया कि क्या वह शैरन वर्मा को डेट कर रहे हैं? समय ने इस सवाल को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया और अफवाहों पर जवाब देते हुए लिखा, “नहीं भाई, बस इंटरनेट अपना काम कर रहा है.”

समय के इस जवाब से साफ है कि वह और शैरन सिर्फ अच्छे दोस्त हैं और सोशल मीडिया पर उनकी केमिस्ट्री को लेकर चल रही डेटिंग की चर्चाएं महज अफवाह हैं।

‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ में पहली बार नहीं दिखीं शैरन

शैरन वर्मा ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के पहले सीजन में बतौर कंटेस्टेंट नजर आई थीं। 2024 में शो में अपने मजेदार अंदाज और हाजिरजवाबी से उन्होंने दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई थी।

शो में बिहार से होने और खुद को ‘वीक इंडिपेंडेंट वुमन’ बताने वाले उनके जोक्स भी काफी चर्चा में रहे थे। अब दूसरे सीजन में शैरन की वापसी बतौर गेस्ट पैनलिस्ट हुई है।

शो में दोनों की बॉन्डिंग ने खींचा ध्यान

‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ में शैरन और समय की हंसी-मजाक से भरी बातचीत दर्शकों को काफी पसंद आई। दोनों की हाजिरजवाबी और नोकझोंक के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे।

यही वजह रही कि फैंस ने दोनों की दोस्ती को रिश्ते का नाम देना शुरू कर दिया। हालांकि, समय के जवाब के बाद इन अफवाहों पर फिलहाल विराम लग गया है।

शैरन वर्मा से पहले समय रैना का नाम ‘12th फेल’ फेम एक्ट्रेस मेधा शंकर के साथ भी जोड़ा जा चुका है। हाल ही में मेधा भी ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ में वरुण धवन, शैरन वर्मा और निशांत तंवर के साथ पैनल का हिस्सा बनी थीं।

शो के दौरान जब समय से उनके सबसे अच्छे दोस्त का नाम पूछा गया, तो उन्होंने बिना देर किए मेधा शंकर का नाम लिया। इसके बाद सोशल मीडिया पर दोनों के रिश्ते को लेकर एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई।

हालांकि, मेधा शंकर के साथ डेटिंग की खबरों पर समय रैना की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *