गोरखपुर गर्ल्स हॉस्टल के बाथरूम में रिकॉर्डिंग करता मिला मोबाइल, छात्राओं के वीडियो मिलने से मचा हड़कंप

KNEWS DESK- मामला गोरखपुर के कैंट थाना क्षेत्र स्थित मोहद्दीपुर की प्रभात गली के एक गर्ल्स हॉस्टल का है। देर रात छात्राओं की नजर बाथरूम के टिनशेड पर रखे एक मोबाइल फोन पर पड़ी। फोन का कैमरा ऑन था और उसका एंगल टॉयलेट की तरफ किया गया था।

मोबाइल देखते ही छात्राओं में हड़कंप मच गया। उन्हें आशंका हुई कि उनकी निजी गतिविधियों की रिकॉर्डिंग की जा रही थी। इसके बाद हॉस्टल में जमकर हंगामा हुआ और पुलिस को सूचना दी गई।

फोन की जांच में मिले छात्राओं के वीडियो

सूचना मिलने पर डायल 112 और कैंट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। छात्राओं का आरोप है कि मोबाइल फोन की जांच करने पर उसमें हॉस्टल में रहने वाली कई छात्राओं के रिकॉर्डेड वीडियो मिले। घटना के बाद करीब 26 छात्राओं ने अपनी निजता को लेकर गंभीर चिंता जताई। पुलिस ने मोबाइल को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

वार्डेन ने दी ‘सैनिटरी पैड की निगरानी’ की सफाई

पुलिस पूछताछ के दौरान हॉस्टल की वार्डेन ने मोबाइल कैमरा लगाने को लेकर अलग तर्क दिया। बताया गया कि छात्राएं इस्तेमाल किए गए सैनिटरी पैड इधर-उधर फेंक देती थीं, जिससे हॉस्टल में गंदगी फैलती थी।

वार्डेन के मुताबिक, इसी समस्या पर नजर रखने के लिए मोबाइल को बाथरूम में रिकॉर्डिंग मोड पर रखा गया था। हालांकि, बाथरूम के भीतर टॉयलेट की ओर कैमरा करके रिकॉर्डिंग किए जाने और छात्राओं के वीडियो मिलने के आरोपों ने मामले को गंभीर बना दिया है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने हॉस्टल पहुंचकर छात्राओं से जानकारी ली और मोबाइल को जांच के लिए अपने कब्जे में लिया। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मोबाइल किसने लगाया, कितने समय से रिकॉर्डिंग हो रही थी और रिकॉर्ड किए गए वीडियो का इस्तेमाल या प्रसार कहीं किया गया था या नहीं।

मामले की जांच के बाद ही पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी। फिलहाल गर्ल्स हॉस्टल में मोबाइल कैमरा मिलने की घटना ने छात्राओं की सुरक्षा और निजता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *