BRICS Summit 2026: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहली बार विदेशी विमान की लैंडिंग हुई है. रूस के तीन ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट जेवर पहुंचे हैं, जिनमें पुतिन की एडवांस सिक्योरिटी टीम और रूसी अधिकारियों के आने की जानकारी सामने आई है.
Knews desk- दिल्ली में होने वाले BRICS Summit 2026 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. 12 और 13 सितंबर को आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष और शीर्ष नेता भारत पहुंचेंगे. इसी बीच गुरुवार को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) पर रूस के तीन ट्रांसपोर्ट विमान उतरे, जिसके बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी जेवर एयरपोर्ट पर लैंड करेंगे?
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रनवे पर पहली बार किसी विदेशी विमान की लैंडिंग हुई है. रूस के तीन ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट यहां पहुंचे हैं. इनमें रूस का भारी सैन्य मालवाहक विमान Ilyushin IL-76 भी शामिल बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, इन विमानों के जरिए रूसी सैन्य अधिकारी, राष्ट्रपति पुतिन की एडवांस सिक्योरिटी टीम और जरूरी सामान भारत पहुंचा है. पुतिन BRICS समिट में शामिल होने के लिए शुक्रवार को भारत आने वाले हैं.
क्या जेवर से भारत में एंट्री लेंगे पुतिन?
रूसी सैन्य विमानों के जेवर पहुंचने के बाद यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या पुतिन भी इसी एयरपोर्ट पर उतरेंगे. हालांकि, पुतिन के जेवर एयरपोर्ट पर उतरने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. जेवर एयरपोर्ट को BRICS समिट के दौरान वीवीआईपी विमानों की पार्किंग के लिए महत्वपूर्ण बैकअप के तौर पर तैयार रखा गया है.
दरअसल, दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहले से ही नियमित उड़ानों के साथ-साथ विदेशी मेहमानों के विमानों का दबाव काफी ज्यादा है. ऐसे में BRICS समिट के दौरान अतिरिक्त विमानों की पार्किंग के लिए जेवर एयरपोर्ट का इस्तेमाल किया जा रहा है.
रिपोर्ट के मुताबिक, BRICS में शामिल होने वाले मेहमानों के विमानों के लिए जेवर एयरपोर्ट पर 12 पार्किंग स्लॉट आरक्षित किए गए हैं.
जिनपिंग के आने पर भी सस्पेंस
BRICS समिट में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के शामिल होने को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है. अगर जिनपिंग भारत नहीं आते हैं, तो चीन की ओर से प्रधानमंत्री या उपराष्ट्रपति के सम्मेलन में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है.
फिलहाल रूसी विमानों के जेवर पहुंचने से यह एयरपोर्ट BRICS समिट की तैयारियों के लिहाज से चर्चा में आ गया है. अब सबकी नजर इस बात पर है कि पुतिन दिल्ली पहुंचते हैं या नोएडा के जेवर एयरपोर्ट से भारत में कदम रखते हैं.