WHO पद से शेख हसीना की बेटी साइमा वाजेद का इस्तीफा, फ्रॉड के आरोपों के बीच लिया फैसला

KNEWS DESK- बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की बेटी साइमा वाजेद ने विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र की रीजनल डायरेक्टर के पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने बुधवार को अपना इस्तीफा सौंपा, जो तुरंत प्रभाव से लागू हो गया है। वाजेद के खिलाफ फ्रॉड और फर्जीवाड़े से जुड़े आरोपों की जांच चल रही थी।

साइमा वाजेद ने 2024 की शुरुआत में WHO के दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र की रीजनल डायरेक्टर का पद संभाला था। उनका कार्यकाल पांच साल का निर्धारित था। हालांकि, पद संभालने के कुछ समय बाद ही वह विवादों में घिर गईं। जांच के बीच WHO ने जुलाई 2025 में साइमा वाजेद को बिना वेतन प्रशासनिक छुट्टी पर भेज दिया था। यह कदम उनके खिलाफ चल रही जांच और आरोपों के बीच उठाया गया था।

साइमा वाजेद के खिलाफ बांग्लादेश की भ्रष्टाचार निरोधक एजेंसी ने भी कार्रवाई की थी। मार्च 2025 में एजेंसी ने उन पर फ्रॉड और फर्जीवाड़े से जुड़े आरोप लगाए थे। इसके बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया। WHO के दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र में रीजनल डायरेक्टर का पद एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी माना जाता है। ऐसे में वाजेद का कार्यकाल पूरा होने से पहले इस्तीफा देना उनके खिलाफ चल रही जांच के बीच एक बड़ा घटनाक्रम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *