यूपी चुनाव की तैयारी में बीजेपी ने कसी कमर, लखनऊ में कैंप करेंगे विनोद तावड़े

गणेश उत्सव के बाद लगातार यूपी में रहकर संगठन और चुनावी तैयारियों की करेंगे निगरानी, पहले चरण में 15 जिलों का दौरा

Knews Desk- उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी के यूपी प्रभारी विनोद तावड़े गणेश उत्सव के बाद प्रदेश में लगातार कैंप करेंगे। वह लखनऊ को अपना बेस बनाकर चुनाव तक संगठन और चुनावी रणनीति से जुड़े कामकाज की निगरानी करेंगे।

सूत्रों के मुताबिक, विनोद तावड़े के लखनऊ में ठहरने के लिए आवास की तलाश की जा रही है। गणेश उत्सव के बाद उनका ज्यादातर समय उत्तर प्रदेश में ही बीतेगा। चुनाव तक उनका दिल्ली आना-जाना भी काफी सीमित रहने की संभावना है।

संगठन को मंडल और बूथ स्तर तक मजबूत करने की कवायद के तहत विनोद तावड़े 16 से 22 सितंबर तक उत्तर प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह पार्टी पदाधिकारियों और स्थानीय नेताओं के साथ बैठक कर संगठन की स्थिति और चुनावी तैयारियों का जायजा लेंगे।

तावड़े अपने दौरे में करीब 15 जिलों में जाएंगे। इन जिलों में स्थानीय संगठन की तैयारियों, चुनावी समीकरणों और विधानसभा स्तर पर बीजेपी की स्थिति की जानकारी जुटाई जाएगी। साथ ही बूथ स्तर पर चुनावी प्रबंधन में सामने आ रही कमियों को चिन्हित कर उन्हें दूर करने पर भी जोर रहेगा।

बीजेपी ने संगठनात्मक लिहाज से उत्तर प्रदेश को 6 क्षेत्रों में बांट रखा है। तावड़े का यह दौरा इसी संगठनात्मक ढांचे के तहत जमीनी तैयारियों की समीक्षा का हिस्सा माना जा रहा है।

टिकट के दावेदारों को दिया गया साफ संदेश

विधानसभा चुनाव में बीजेपी से टिकट की उम्मीद लगाए बैठे नेताओं को भी पार्टी की ओर से स्पष्ट संदेश दिया गया है। टिकट के इच्छुक नेताओं से कहा गया है कि वे दिल्ली में नेताओं से संपर्क और लॉबिंग करने के बजाय अपने विधानसभा क्षेत्रों में सक्रिय रहें।

पार्टी ऐसे नेताओं की गतिविधियों पर नजर रख रही है जो लंबे समय से अपने क्षेत्र में काम कर रहे हैं और संगठन को मजबूत करने में योगदान दे रहे हैं। टिकट के लिए जमीनी सक्रियता, संगठन के साथ तालमेल और क्षेत्र में जनसंपर्क को अहम आधार माना जा रहा है।

बीजेपी की कोशिश है कि टिकट के दावेदारों का मूल्यांकन केवल पार्टी के बड़े नेताओं तक उनकी पहुंच के आधार पर न हो, बल्कि उनके विधानसभा क्षेत्र में किए गए काम और संगठन के प्रति उनकी सक्रियता को भी प्राथमिकता दी जाए।

बीएल संतोष भी लखनऊ पहुंचेंगे

चुनावी तैयारियों के बीच बीजेपी के संगठन मंत्री बीएल संतोष भी शुक्रवार को लखनऊ पहुंच रहे हैं। वह राजधानी में होने वाली विभिन्न संगठनात्मक बैठकों में हिस्सा लेंगे।

विनोद तावड़े के लगातार प्रदेश में मौजूद रहने और जिलों का दौरा करने से संकेत मिल रहा है कि बीजेपी अब विधानसभा चुनाव की तैयारियों को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने में जुट गई है। पार्टी का फोकस संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने के साथ-साथ चुनावी रणनीति को प्रभावी ढंग से लागू करने पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *