बुलंदशहर में 11 सितंबर को प्रस्तावित अखिलेश यादव के दौरे को लेकर सियासी विवाद बढ़ गया है. प्रशासन ने पुलिस लाइन मैदान में हेलीकॉप्टर उतारने की अनुमति नहीं दी, जिसके बाद सपा प्रमुख ने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं.
knews Desk– समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का 11 सितंबर को प्रस्तावित बुलंदशहर दौरा रद्द हो गया है. हेलीकॉप्टर की लैंडिंग की अनुमति नहीं मिलने के बाद सपा और प्रशासन के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं. अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं.
अखिलेश यादव ने कहा कि बुलंदशहर में जिस हैलीपैड को खराब बताकर उनके कार्यक्रम को रोकने की कोशिश की जा रही है, वहां दूर-दूर तक जलभराव नजर नहीं आ रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि शासन के निर्देश पर प्रशासन उनके कार्यक्रम को रद्द करने का बहाना तलाश रहा है.
सपा प्रमुख ने मांग की कि पार्टी पदाधिकारियों की मौजूदगी में निष्पक्ष विशेषज्ञों से हैलीपैड की जांच कराई जाए, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके.
सड़क मार्ग से आने पर भी उठाया सवाल
अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में यह सवाल भी उठाया कि अगर वह सड़क मार्ग से बुलंदशहर पहुंचते हैं तो क्या एक्सप्रेसवे, हाईवे या अन्य सड़कों की खराब स्थिति का हवाला देकर उनके आने पर रोक लगाई जाएगी.
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जनता यह जानना चाहती है कि हैलीपैड और मौसम की दिक्कतें सिर्फ विपक्षी नेताओं के लिए ही क्यों पैदा होती हैं?
दरअसल, अखिलेश यादव के बुलंदशहर दौरे का कार्यक्रम पहले 12 सितंबर को निर्धारित था. इसके लिए सपा के जिला संगठन की ओर से प्रशासन से अनुमति मांगी गई थी और प्रशासन ने कार्यक्रम को मंजूरी भी दे दी थी.
बाद में लखनऊ से कार्यक्रम में बदलाव किया गया और अखिलेश यादव के दौरे की तारीख 12 सितंबर से बदलकर 11 सितंबर कर दी गई.
पुलिस लाइन मैदान में होनी थी हेलीकॉप्टर लैंडिंग
संशोधित कार्यक्रम के तहत कोतवाली नगर क्षेत्र के डीएम रोड स्थित ग्रीन इंडिया होटल में कार्यकर्ता सम्मेलन और प्रेस कॉन्फ्रेंस प्रस्तावित थी. अखिलेश यादव के हेलीकॉप्टर को पुलिस लाइन मैदान में उतारने की योजना थी.
हालांकि, प्रशासन की तकनीकी जांच में पुलिस लाइन मैदान को वीवीआईपी हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया. वहीं, सिटी मजिस्ट्रेट की ओर से मैदान में पानी भरे होने की बात भी कही गई.
हेलीकॉप्टर की लैंडिंग की अनुमति नहीं मिलने के बाद 11 सितंबर का अखिलेश यादव का बुलंदशहर दौरा रद्द कर दिया गया. सपा जिलाध्यक्ष मतलूब अली ने इसकी पुष्टि की है.
इस पूरे मामले के बाद सपा नेताओं ने प्रशासन पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं, जबकि प्रशासन की ओर से सुरक्षा मानकों और मैदान की स्थिति का हवाला दिया गया है. ऐसे में अखिलेश यादव का दौरा रद्द होना अब राजनीतिक मुद्दा बनता नजर आ रहा है.