राजीव ने खींची थी कवर फोटो, ऋग्वेद की ऋचा से शुरू होती है सोनिया की किताब… जानें क्या है बैक कवर पर

सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ आज लॉन्च हो गई है। इस किताब में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने अपने संस्मरणों के जरिए भारतीय राजनीति और अपने निजी जीवन से जुड़े कई ऐसे किस्सों का जिक्र किया है, जो अब तक सीमित लोगों के बीच ही चर्चा में रहे थे। किताब की छपाई को लेकर विवाद भी हुआ था। अब यह किताब बिना किसी लॉन्च इवेंट के सीधे मार्केट और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हो गई है। किताब की डिमांड इतनी ज्यादा बताई जा रही है कि कुछ ही देर में ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर यह आउट ऑफ स्टॉक हो गई।

Knews Desk – सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ के कवर पेज पर लगी उनकी तस्वीर साल 1966 की है। यह तस्वीर राजीव गांधी ने इटली के शहर टोरीनो में अपने कैमरे से खींची थी। वहीं किताब के बैक कवर पर लगी सोनिया गांधी की तस्वीर उनके नाती रेहान वाड्रा और उनके मंगेतर अबीबा बेग ने साल 2026 में ली है।

सोनिया गांधी ने अपनी किताब की शुरुआत ऋग्वेद की एक ऋचा से की है। किताब में शामिल ऋचा का भाव है कि सभी साथ मिलकर चलें, साथ मिलकर बोलें और उनके विचार एक हों। उनका उद्देश्य एक हो और उनके दिलों में आपसी सामंजस्य हो। विचारों में एकजुटता के साथ सभी मिलकर एकता और पूर्णता के साथ जीवन बिताएं।

सोनिया गांधी ने यह किताब अपने बेटे राहुल गांधी, बेटी प्रियंका गांधी और अपने नाती-नातिन रेहान और मिराया को समर्पित की है। किताब के शुरुआती पेज पर इन्हीं के नाम लिखे गए हैं।

किताब की प्रस्तावना में सोनिया गांधी ने इसे लिखने की वजह भी बताई है। उन्होंने लिखा है कि अपने राजनीतिक जीवन के दौरान दोस्तों और परिवार के लोगों ने उनसे अक्सर अपने अनुभवों को लिखने के लिए कहा। उनका कहना था कि सोनिया गांधी की कहानी असामान्य है। सोनिया गांधी के मुताबिक, शुरुआत में उन्होंने लोगों की इस मांग को टाल दिया था, लेकिन बाद में हिचकिचाते हुए कुछ पंक्तियां लिखना शुरू किया।

सोनिया गांधी ने प्रस्तावना में बताया कि आखिरकार उन्होंने एक निजी संस्मरण लिखने का फैसला किया, जिसमें राजनीति केवल एक पृष्ठभूमि और एक तरह के ढांचे के रूप में है। उन्होंने लिखा कि इस किताब को लिखने और फिर से लिखने में उन्हें काफी लंबा समय लगा और कई विरामों के बाद यह उनकी अपनी कहानी के रूप में सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *