Knews Desk – मध्य प्रदेश के उज्जैन में खड़े हनुमान मंदिर की प्रतिमा को दूसरी जगह स्थानांतरित करने की प्रशासनिक कोशिश के बाद विवाद गहरा गया है। प्रतिमा हटाने के विरोध में साधु-संतों, हिंदूवादी संगठनों और श्रद्धालुओं ने मोर्चा संभाल लिया है। मंगलवार को मंदिर परिसर के बाहर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए और प्रशासन की कार्रवाई का विरोध किया।
जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर शैलेशानंद गिरि महाराज भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रतिमा को हटाने की कोशिश का विरोध करते हुए कहा कि कई प्रयासों के बावजूद जब प्रतिमा अपने स्थान से नहीं हिली तो इसे हटाने का प्रयास नहीं किया जाना चाहिए।
संतों और हिंदूवादी संगठनों का दावा है कि प्रशासन, नगर निगम और पुरातत्व विशेषज्ञों की टीम पहले भी प्रतिमा को सुरक्षित स्थान पर ले जाने का प्रयास कर चुकी है। हालांकि, कई कोशिशों के बावजूद प्रतिमा को वहां से हटाया नहीं जा सका।
इसी को लेकर श्रद्धालुओं में भी गहरी आस्था देखने को मिल रही है। कई लोग इसे भगवान हनुमान की इच्छा से जोड़कर देख रहे हैं। उनका कहना है कि जब मशीनों और विशेषज्ञों की मदद से भी प्रतिमा नहीं हट सकी तो इसे किसी दैवीय संकेत के तौर पर देखा जा सकता है।
मंदिर के बाहर हुआ भजन-कीर्तन
प्रतिमा विस्थापन की खबर सामने आने के बाद मंगलवार सुबह से मंदिर के बाहर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने लगी। लोगों ने भजन-कीर्तन किया और हनुमान चालीसा का पाठ किया। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि वे किसी भी हालत में प्रतिमा को हटाने की अनुमति नहीं देंगे।
इस दौरान हिंदूवादी नेता रूपेश ठाकुर, शैलू यादव, संतोष व्यास, मनीष सिंह चौहान और शिवेंद्र तिवारी समेत कई लोग मौजूद रहे।
प्रतिमा को हटाने की कोशिश की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए तेजी से फैली, जिसके बाद उज्जैन के साथ-साथ आसपास के जिलों से भी श्रद्धालु मंदिर पहुंचने लगे। दर्शन के लिए आए लोगों ने प्रतिमा से जुड़े अपने अनुभव साझा किए और इसे लेकर अपनी आस्था व्यक्त की।
प्रशासन के सामने स्थिति संभालने की चुनौती
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और संतों के विरोध के बीच प्रशासन के सामने स्थिति को शांतिपूर्ण बनाए रखने की चुनौती है। फिलहाल मंदिर परिसर में हालात शांत बताए जा रहे हैं। श्रद्धालु लगातार हनुमान चालीसा का पाठ कर प्रतिमा की सुरक्षा की प्रार्थना कर रहे हैं।
संतों और हिंदूवादी संगठनों के विरोध के बाद अब प्रशासन प्रतिमा के विस्थापन को लेकर क्या कदम उठाता है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।