Knews Desk – उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में 29 अगस्त से लापता युवक अतुल की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। खतौली कोतवाली क्षेत्र के भैंसी गांव में गन्ने के खेत से मंगलवार को अतुल के शव के अवशेष मिलने के बाद मामले में सनसनी फैल गई। पुलिस ने हत्या के आरोप में अतुल के दो दोस्तों सोनू और तालिब को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने हत्या की बात स्वीकार की है। बताया गया कि अतुल लंबे समय से सोनू की बहन को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करता था। सोनू ने उसे कई बार ऐसा करने से रोका, लेकिन दोनों के बीच विवाद खत्म नहीं हुआ।
29 अगस्त की रात दोनों आरोपियों ने अतुल को दोस्ती के बहाने घर से बाहर बुलाया। इसके बाद वे उसे जंगल की तरफ ले गए। पुलिस का दावा है कि वहां पहले अतुल का गला दबाया गया और फिर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। वारदात के बाद शव को गन्ने के खेत में फेंक दिया गया।
अतुल के लापता होने के बाद परिजनों ने खतौली थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। परिवार और ग्रामीण लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने शक से बचने के लिए तलाश में परिवार और गांव वालों का साथ भी दिया और पुलिस अधिकारियों से अतुल को खोजने की मांग की।
मामले के खुलासे के लिए एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने विशेष टीम गठित की थी। एसपी सिटी के नेतृत्व में SOG और सर्विलांस टीम ने जांच शुरू की। कई लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस का शक अतुल के करीबी दोस्तों सोनू और तालिब पर गया। पूछताछ और सर्विलांस के आधार पर दोनों की भूमिका सामने आई।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने गन्ने के खेत से अतुल के शव के अवशेष बरामद किए। हालांकि शव पूरी तरह बरामद नहीं हो सका है। कपड़ों के आधार पर मृतक की पहचान की गई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू, मोटरसाइकिल और आरोपी का मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। मामले में बरामद साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच जारी है।