आशा भोसले की जयंती पर भावुक हुए कुमार सानू, बोले- ‘उनकी कमी हमेशा महसूस होगी

Knews Desk – दिग्गज गायिका आशा भोसले की जयंती पर उनके प्रशंसक और संगीत जगत से जुड़े लोग उन्हें याद कर रहे हैं। इसी बीच मशहूर गायक कुमार सानू ने भी आशा भोसले को याद करते हुए सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा किया है। आशा भोसले का 12 अप्रैल 2026 को निधन हो गया था। उनके जाने के बाद संगीत की दुनिया में एक बड़ा खालीपन महसूस किया जा रहा है।

कुमार सानू ने इंस्टाग्राम पर आशा भोसले के साथ अपनी एक तस्वीर शेयर की। पोस्ट के साथ उन्होंने लिखा कि वह खुद को बेहद भाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें आशा जी के साथ संगीत का सफर साझा करने और उन्हें करीब से जानने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि आशा जी की मौजूदगी की कमी हमेशा महसूस होगी, लेकिन उनका संगीत कभी लोगों से दूर नहीं होगा। कुमार सानू ने उन्हें स्वर्ग में जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दीं।

आशा भोसले और कुमार सानू ने साथ दिए कई हिट गाने

कुमार सानू और आशा भोसले ने 1990 और 2000 के दशक में कई यादगार गानों में साथ काम किया। दोनों की आवाज का मेल दर्शकों को खूब पसंद आया था। फिल्म ‘बेखुदी’ के ‘देख के ये रूमाल’ और ‘खत मैंने तेरे नाम लिखा’ जैसे गाने उनकी चर्चित जुगलबंदियों में शामिल हैं।

इसके अलावा दोनों ने इसी फिल्म का ‘मम्मी डैडी मेरी शादी करवा रहे हैं’ गाना भी साथ गाया था। फिल्म ‘त्यागी’ में बप्पी लाहिड़ी के संगीत से सजे ‘मुझको तो कुछ कुछ होता है’ और ‘कन्यादान’ के ‘मैना बोल रही’ जैसे गानों में भी दोनों की आवाज सुनने को मिली थी।

आशा भोसले ने अपने लंबे संगीत करियर में हिंदी सिनेमा को कई यादगार गीत दिए। उनकी आवाज और संगीत में दिए योगदान को आने वाली पीढ़ियां भी याद करती रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *