मामी मत कह हत्यारे… हाथ तोड़ दूंगी’, बेटी के आरोपी से सामना होते ही फूट पड़ा मां का गुस्सा

Knews Desk –वाराणसी के चर्चित श्रेया हत्याकांड में मुख्य आरोपी विवेक चौबे की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने राजातालाब थाने में श्रेया की मां रीता उपाध्याय और उनके भाई श्रीकांत मिश्रा का आरोपी से सामना कराया। इस दौरान विवेक ने दोनों को हाथ जोड़कर ‘मामी-प्रणाम’ और ‘मामा-प्रणाम’ कहा, तो बेटी की मौत से आहत मां अपना आपा खो बैठीं।

रीता उपाध्याय ने गुस्से में विवेक को फटकार लगाते हुए कहा कि वह उन्हें ‘मामी’ कहने का अधिकार खो चुका है। उन्होंने कहा, “जिन हाथों से मेरी बेटी को मारा, उन्हीं हाथों से हमें प्रणाम कर रहा है।” इसके बाद उन्होंने आरोपी से सवाल किया कि आखिर उसने उनकी बेटी श्रेया की हत्या क्यों की।

पूछताछ के दौरान रीता उपाध्याय ने विवेक से 18, 19 और 20 अगस्त की उसकी गतिविधियों के बारे में भी सवाल किए। उन्होंने जानना चाहा कि इन दिनों वह कहां रहा और किन लोगों से मिला। बताया गया कि विवेक ने 20 अगस्त को वाह भुआवलपुर में होने की बात कही। इस दौरान आरोपी लगातार नीचे की ओर देखता रहा और मां के सवालों का कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। इसके बाद पुलिस ने रीता और उनके भाई को वहां से हटा दिया।

गिरफ्तारी से पहले कई जगह छिपने का दावा

पुलिस पूछताछ में विवेक ने कथित तौर पर बताया कि श्रेया की हत्या के बाद उसने पुलिस से बचने के लिए कई ठिकाने बदले। उसने कांवड़ियों के साथ कांवड़ शिविर में रहने के अलावा मंदिरों और मठों में भी शरण ली। पुलिस के मुताबिक, उसने पहचान छिपाने के लिए सिर भी मुंडवा लिया था और कुछ समय मिर्जापुर के जंगलों में बिताया।

पुलिस के अनुसार, बाद में जगतदेवपुर इलाके में मुठभेड़ के दौरान उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में विवेक ने कथित तौर पर अपने दोस्त पुनीत मिश्रा को 22 लाख रुपये देने का लालच देने की बात भी कही। पुलिस का कहना है कि विवेक ने पुनीत से श्रेया की हत्या के बाद दोनों के 11-11 लाख रुपये लेकर रांची जाने की बात कही थी।

शादी तय होने के बाद बढ़ी थी दूरी

पुलिस पूछताछ में सामने आई कहानी के मुताबिक, श्रेया की शादी DRDO के एक अधिकारी से तय होने के बाद उसने विवेक से दूरी बनानी शुरू कर दी थी। विवेक का दावा है कि इसके बाद श्रेया उसके फोन का जवाब नहीं देती थी।

आरोपी ने कथित तौर पर श्रेया से यहां तक कहा था कि वह शादी कर ले और बाद में तलाक ले सकती है, लेकिन श्रेया इसके लिए तैयार नहीं हुई। पुलिस के मुताबिक, इसी विवाद के बाद विवेक ने अपने दोस्त पुनीत मिश्रा के साथ मिलकर 18 अगस्त को बच्छाव स्थित किराए के मकान में श्रेया की हत्या कर दी।

अब पुलिस आरोपी से पूछताछ के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। पुलिस विवेक के बयानों और सामने आए सबूतों का मिलान कर रही है, ताकि हत्या की असली वजह और मामले में अन्य लोगों की संभावित भूमिका का पता लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *