KNEWS DESK – भारत में Honda की कारों की अपनी अलग पहचान रही है। खासतौर पर Honda City और Elevate जैसे मॉडल लंबे समय से ग्राहकों के बीच लोकप्रिय हैं। हालांकि, बीते कुछ समय में कंपनी का पोर्टफोलियो सीमित रहा है। अब Honda भारतीय बाजार में अपनी मौजूदगी मजबूत करने के लिए बड़े स्तर पर नए मॉडल लाने की तैयारी कर रही है।
कंपनी की योजना दशक के अंत तक 10 नए मॉडल भारतीय बाजार में पेश करने की है। इनमें करीब 7 SUVs शामिल होंगी। कंपनी की नजर कॉम्पैक्ट SUV खरीदने वाले ग्राहकों से लेकर बड़ी फैमिली और इलेक्ट्रिक कार पसंद करने वाले लोगों तक पहुंच बढ़ाने पर है।
नई Honda City में दिखेगा बड़ा बदलाव
Honda City की अगली यानी छठी पीढ़ी को लेकर भी काफी उम्मीदें हैं। नई City को कंपनी के हल्के PF2 प्लेटफॉर्म पर तैयार किए जाने की बात कही जा रही है।
नई सेडान का डिजाइन मौजूदा मॉडल से काफी अलग और ज्यादा स्पोर्टी हो सकता है। इसमें कूपे जैसी स्टाइलिंग देखने को मिल सकती है, जबकि डिजाइन में Honda 0 Series Sedan Concept की झलक मिलने की उम्मीद है।
केबिन को भी पहले से ज्यादा आधुनिक बनाया जा सकता है। इसमें बेहतर फीचर्स, ज्यादा जगह और पीछे बैठने वाले यात्रियों के लिए बेहतर आराम मिलने की संभावना है। बूट स्पेस भी बढ़ाया जा सकता है।
पावरट्रेन की बात करें तो नई City में 1.5 लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन मिलने की उम्मीद है। इसके साथ मैनुअल और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के विकल्प दिए जा सकते हैं।
Honda 0 Alpha होगी कंपनी की इलेक्ट्रिक SUV
Honda भारतीय बाजार में अपनी पहली प्योर इलेक्ट्रिक SUV लाने की तैयारी में है। इसे Honda 0 Alpha नाम दिया गया है। कंपनी इसे मौजूदा वित्त वर्ष खत्म होने से पहले पेश करने की योजना पर काम कर रही है।
यह SUV Honda की Thin, Light and Wise इलेक्ट्रिक आर्किटेक्चर पर आधारित होगी। इसका डिजाइन फ्यूचरिस्टिक रखा जा सकता है और फ्रंट में इल्यूमिनेटेड LED बार जैसे एलिमेंट देखने को मिल सकते हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसका व्हीलबेस Elevate से करीब 100mm ज्यादा हो सकता है। इससे केबिन में ज्यादा जगह मिलने की उम्मीद है। इसमें अल्ट्रा-फास्ट DC चार्जिंग सपोर्ट भी दिया जा सकता है।
भारतीय बाजार में इसका मुकाबला Hyundai Creta Electric, Tata Sierra EV और Mahindra BE 6 जैसी इलेक्ट्रिक SUVs से हो सकता है।
छोटी SUV सेगमेंट में फिर होगी एंट्री
Honda सब-4 मीटर SUV सेगमेंट में भी वापसी की तैयारी कर रही है। कंपनी करीब 2028 तक नई कॉम्पैक्ट SUV पेश कर सकती है।
इसे भी PF2 प्लेटफॉर्म पर तैयार किए जाने की संभावना है। इसमें नया 1.2 लीटर i-VTEC पेट्रोल इंजन मिल सकता है। साथ ही कंपनी इसमें स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड पावरट्रेन देने पर भी विचार कर रही है।
अगर हाइब्रिड विकल्प आता है तो बेहतर माइलेज चाहने वाले ग्राहकों के लिए यह कार खास हो सकती है। इसका मुकाबला Tata Nexon, Maruti Brezza, Kia Sonet और Hyundai Venue जैसी SUVs से होगा।
बड़ी फैमिली के लिए 7-सीटर SUV
Honda बड़े परिवारों को ध्यान में रखते हुए एक नई 7-सीटर SUV भी तैयार कर रही है। इसे भी PF2 प्लेटफॉर्म पर आधारित किए जाने की संभावना है।
इसमें 6 और 7-सीटर कॉन्फिगरेशन का विकल्प मिल सकता है। 6-सीटर वर्जन में दूसरी लाइन में कैप्टन सीटें दी जा सकती हैं।
पावर के लिए इसमें 1.5 लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन के साथ नई पीढ़ी का 1.5 लीटर e:HEV हाइब्रिड सिस्टम मिलने की उम्मीद है।
बाजार में इसका मुकाबला Mahindra XUV 7XO, Tata Safari और Hyundai Alcazar जैसी SUVs से हो सकता है।
ZR-V से Prelude तक, कई ग्लोबल मॉडल पर नजर
Honda भारत में अपनी ग्लोबल लाइनअप के कुछ और मॉडल भी लाने की तैयारी कर रही है। कंपनी ZR-V Hybrid को पूरी तरह आयात किए गए CBU मॉडल के तौर पर पेश कर चुकी है।
इसके अलावा Prelude, Civic और CR-V जैसे ग्लोबल मॉडल्स को भारतीय बाजार में लाने की संभावनाओं पर भी काम किया जा रहा है।
अगर Honda अपनी इस योजना को अमल में लाती है, तो आने वाले वर्षों में भारतीय ऑटो बाजार में कंपनी की मौजूदगी पहले के मुकाबले काफी मजबूत हो सकती है।