Kerala Accident: त्रिशूर में दर्दनाक हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई कार; 8 छात्रों की मौत

KNEWS DESK- केरल के त्रिशूर जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां NH-66 पर पनामबिकुन्नु सेंटर के पास आधी रात के करीब एक कार खड़ी लॉरी से टकरा गई। हादसे में कार सवार आठ लोगों की मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मृतक सभी तमिलनाडु के डिंडीगुल स्थित एक इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र थे।

पुलिस के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। टक्कर के बाद वाहन के शीशे और दूसरे हिस्से सड़क पर बिखर गए। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए फायर और रेस्क्यू टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बचावकर्मियों ने कार के मलबे को काटकर उसमें फंसे छात्रों को बाहर निकाला।

7 छात्रों की मौके पर मौत

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय लोग और फायर एंड रेस्क्यू सर्विस की टीम मौके पर पहुंची। राहत और बचाव अभियान चलाकर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। अधिकारियों के मुताबिक, कार में सवार सात लोगों की मौत मौके पर ही हो गई थी, जबकि एक घायल छात्र ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

गुरुवायूर से कोडुंगल्लूर जा रही थी कार

बताया जा रहा है कि कार गुरुवायूर की तरफ से कोडुंगल्लूर की ओर जा रही थी। इसी दौरान पनामबिकुन्नु सेंटर के पास सड़क किनारे खड़ी लॉरी से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, जिस स्थान पर लॉरी खड़ी थी, वहां सड़क निर्माण का काम चल रहा था।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस और बचाव टीम को सूचना दी। इसके बाद राहत कार्य शुरू किया गया और क्षतिग्रस्त कार से छात्रों को बाहर निकाला गया।

छात्रों की पहचान में जुटी पुलिस

केरल पुलिस अब हादसे में जान गंवाने वाले सभी छात्रों की पहचान और उनके परिवारों की जानकारी जुटाने में लगी है। अधिकारियों का प्रयास है कि मृतकों के शवों को जरूरी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनके परिजनों को सौंपा जा सके।

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि कार लॉरी से किस परिस्थिति में टकराई और उस समय वाहन की गति कितनी थी। हादसे को लेकर आगे की जांच के बाद स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *