मध्य प्रदेश के रीवा में देर रात एक ही परिवार की दो महिलाओं की हत्या से सनसनी फैल गई। बिछिया थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर मूसल से हमला कर अपनी पत्नी और बेटी की जान ले ली। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
Knews Desk- रीवा के बिछिया थाना क्षेत्र में देर रात करीब 1 बजे दोहरे हत्याकांड की घटना सामने आई। आरोप है कि रविशंकर मिश्रा ने अपनी पत्नी सुनैना मिश्रा पर मूसल से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद उसने अपनी बेटी खुशी मिश्रा पर भी हमला किया। गंभीर चोटों के कारण बेटी की भी जान चली गई।
पुलिस के मुताबिक, पत्नी पर हमला करने के बाद आरोपी ने अपने भाई को फोन कर घटना की जानकारी दी। जब उसका भाई मौके पर नहीं पहुंचा तो आरोपी ने कथित तौर पर अपनी बेटी को भी निशाना बनाया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल मूसल बरामद कर लिया है।
रविशंकर और सुनैना की छह बेटियां हैं। इनमें से तीन बेटियों की शादी हो चुकी है और वे भोपाल में रहती हैं। एक बेटी की शादी मऊगंज के देवतालव में हुई है, जबकि खुशी अविवाहित थी और रीवा में रह रही थी। इसी बेटी की भी इस घटना में हत्या कर दी गई।
हत्या की वजह अभी साफ नहीं
घटना की सूचना मिलते ही रीवा एसपी डॉ. गुरकरण सिंह सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आरोपी को उसी रात हिरासत में ले लिया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है, ताकि वारदात की पूरी कड़ी और हत्या की असली वजह सामने आ सके।
आरोपी के भाई ने पुलिस को बताया कि रविशंकर जमीन विवाद को लेकर परेशान था और उसे मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं भी थीं। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की वजह की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि फोरेंसिक जांच, पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मामले की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।