फुकेत-दिल्ली फ्लाइट के पायलट पर एयर इंडिया का बड़ा एक्शन, ड्रग टेस्ट पॉजिटिव आने पर नौकरी से निकाला

Knews desk- एयर इंडिया ने फुकेत-दिल्ली फ्लाइट से जुड़े मामले में अपने पायलट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. ड्रग टेस्ट में साइकोएक्टिव पदार्थ पाए जाने के बाद एयरलाइन ने पायलट को तत्काल प्रभाव से नौकरी से बर्खास्त कर दिया. एयर इंडिया ने कहा कि सुरक्षा और नियमों के उल्लंघन के मामलों में उसकी जीरो-टॉलरेंस नीति है.

यह कार्रवाई एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) की शुरुआती जांच रिपोर्ट सामने आने के कुछ घंटों बाद की गई. रिपोर्ट में पायलट के ड्रग सेवन को गंभीर चिंता का विषय बताया गया था और मामले में DGCA से उचित कार्रवाई की सिफारिश की गई थी.

यह घटना 4 अगस्त की है, जब A320 विमान फुकेत से दिल्ली के लिए उड़ान भर रहा था. करीब 36,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहे विमान में अचानक तकनीकी समस्या सामने आई और विमान लगभग 300 फीट नीचे आ गया. इस दौरान विमान में सवार 145 लोगों में से 24 लोग घायल हो गए थे.

AAIB की प्रारंभिक जांच के अनुसार, विमान के तीनों हाइड्रोलिक सिस्टम ने लगभग एक साथ काम करना बंद कर दिया था. इसके चलते ऑटोपायलट डिस्कनेक्ट हो गया और कुछ समय के लिए स्टॉल वॉर्निंग भी मिली. इसके बाद विमान की ऊंचाई में अचानक बदलाव हुआ.

उड़ान के दौरान अचानक सामने आई खराबी

फुकेत से विमान ने भारतीय समयानुसार सुबह करीब 7:11 बजे उड़ान भरी थी. शुरुआत में उड़ान सामान्य रही और किसी तरह की समस्या की सूचना नहीं मिली. सुबह करीब 9:10 बजे विमान कोलकाता फ्लाइट इन्फॉर्मेशन रीजन में दाखिल हुआ.

इसके करीब 22 मिनट बाद यानी 9:32 बजे फ्लाइट कंट्रोल सिस्टम ने पहले ग्रीन हाइड्रोलिक सिस्टम में खराबी दर्ज की. महज चार सेकंड के भीतर ब्लू और येलो हाइड्रोलिक सिस्टम में भी खराबी का पता चला. हालांकि कुछ ही देर बाद तीनों हाइड्रोलिक सिस्टम दोबारा सामान्य हो गए.

फिलहाल शुरुआती जांच में यह साफ नहीं हो पाया है कि तीनों हाइड्रोलिक सिस्टम में एक साथ दबाव क्यों कम हुआ और विमान अचानक नीचे क्यों आया. मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *