फायर ऑडिट में अलार्म और स्प्रिंकलर सिस्टम खराब मिलने के बाद कार्रवाई, एक्सपायर हो चुका है फायर लाइसेंस
Knews Desk – तृणमूल कांग्रेस के महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी के कोलकाता स्थित कैमक स्ट्रीट ऑफिस को लेकर फायर डिपार्टमेंट ने सख्त कदम उठाया है। विभाग ने बिल्डिंग की 6वीं और 7वीं मंजिल को खाली करने का आदेश जारी किया है। इसके अलावा बेसमेंट को भी खाली करने के निर्देश दिए गए हैं। फायर ऑडिट के दौरान इन हिस्सों में सुरक्षा से जुड़ी कई खामियां सामने आई हैं।
फायर डिपार्टमेंट के अधिकारियों के मुताबिक, 9 कैमक स्ट्रीट स्थित इस इमारत का हाल ही में फायर सेफ्टी ऑडिट किया गया था। जांच के दौरान अभिषेक बनर्जी के ऑफिस वाली 6वीं और 7वीं मंजिल पर फायर सेफ्टी सिस्टम में कई कमियां पाई गईं। सबसे अहम बात यह सामने आई कि इन मंजिलों का फायर लाइसेंस अब एक्सपायर हो चुका है।
जानकारी के अनुसार, इन दोनों मंजिलों का पिछला फायर ऑडिट साल 2023 में हुआ था। उस समय फायर लाइसेंस तीन साल के लिए जारी किया गया था, जिसकी वैधता अब खत्म हो चुकी है। इसके साथ ही हालिया जांच में फायर अलार्म और स्प्रिंकलर सिस्टम के काम नहीं करने की बात भी सामने आई।
नोटिस के बाद खाली करने का आदेश
फायर डिपार्टमेंट का कहना है कि 6वीं और 7वीं मंजिल किराए पर ली गई हैं। सुरक्षा संबंधी कमियों को लेकर पहले भी नोटिस जारी किया गया था, लेकिन कथित तौर पर ऑफिस की तरफ से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद फायर सेफ्टी एक्ट की धारा 11C के तहत दोनों मंजिलों को खाली करने का आदेश जारी किया गया।
अधिकारियों के मुताबिक, जब तक फायर लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं हो जाता और सुरक्षा संबंधी कमियों को दूर नहीं किया जाता, तब तक इन मंजिलों का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता।
बेसमेंट में भी मिलीं खामियां
फायर ऑडिट के दौरान बिल्डिंग के बेसमेंट की भी जांच की गई। अधिकारियों के अनुसार, बेसमेंट पार्किंग में जरूरी अग्नि सुरक्षा इंतजामों का पूरी तरह पालन नहीं किया गया था। इन कमियों को देखते हुए बेसमेंट को भी खाली करने का निर्देश दिया गया है।
अब सवाल यह है कि नोटिस के बाद अभिषेक बनर्जी के ऑफिस की ओर से क्या कदम उठाया जाता है। अभिषेक बनर्जी फिलहाल देश से बाहर बताए जा रहे हैं। ऐसे में उनके असिस्टेंट सुमित रॉय और ऑफिस के अन्य कर्मचारियों की ओर से आगे क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर नजर रहेगी।
होर्डिंग को लेकर पहले भी हुआ था विवाद
अभिषेक बनर्जी के कैमक स्ट्रीट ऑफिस से जुड़ा यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब कुछ दिन पहले वहां होर्डिंग हटाने को लेकर विवाद हुआ था। कोलकाता म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के अधिकारी होर्डिंग हटाने पहुंचे थे। इस दौरान अभिषेक बनर्जी और उनके समर्थकों के साथ अधिकारियों की बहस होने की बात सामने आई थी।
इस मामले में अभिषेक बनर्जी और पुलिस के बीच कथित हाथापाई की भी चर्चा हुई थी और इस संबंध में केस दर्ज किया गया है। अब फायर सेफ्टी को लेकर जारी हुए नए आदेश के बाद कैमक स्ट्रीट स्थित उनके ऑफिस को लेकर मामला एक बार फिर चर्चा में है।