‘हनुमान अंश’ की सफलता पर डायरेक्टर का बड़ा दावा, बोले- रिलीज से पहले बॉलीवुड ने नहीं किया सपोर्ट

KNews Desk: साल 2026 में कम बजट के बावजूद बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करने वाली फिल्म ‘हनुमान अंश’ लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। धीमी शुरुआत के बाद फिल्म ने जिस तरह दर्शकों के बीच अपनी पकड़ बनाई, उसने ट्रेड और फिल्म इंडस्ट्री को भी हैरान कर दिया है। चौथे हफ्ते में हिंदी भाषा में फिल्म ने कन्नड़ स्टार यश की ‘टॉक्सिक’ को भी पीछे छोड़ दिया है। अब फिल्म के डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी के एक बयान ने इंडस्ट्री में नई चर्चा छेड़ दी है।

रिलीज से पहले नहीं मिला सपोर्ट?

हाल ही में एक पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान विशाल चतुर्वेदी ने फिल्म की सफलता का श्रेय दर्शकों और पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ को दिया। उन्होंने कहा कि फिल्म को रिलीज से पहले इंडस्ट्री की तरफ से वह समर्थन नहीं मिला, जिसकी उम्मीद थी।

चतुर्वेदी के मुताबिक, फिल्म के प्रदर्शन के दौरान एग्जिबिटर्स ने बड़ी फिल्मों को प्राथमिकता दी और ‘हनुमान अंश’ के स्क्रीन और शोज की संख्या लगातार कम होती चली गई। उन्होंने दावा किया कि फिल्म के शोज 250 से घटकर महज 25 रह गए थे।

डायरेक्टर ने यह भी बताया कि PVR और सिनेपोलिस जैसी मल्टीप्लेक्स चेन, खासकर प्राइम लोकेशन वाले सिनेमाघरों में, शुरुआत में फिल्म को स्क्रीन देने को लेकर हिचकिचा रही थीं।

दर्शकों ने बदली फिल्म की किस्मत

विशाल चतुर्वेदी ने कहा कि कम स्क्रीन और सीमित शोज के बावजूद दर्शकों की प्रतिक्रिया ने फिल्म को संभाल लिया। फिल्म देखने वाले लोगों ने सोशल मीडिया पर इसकी तारीफ की और पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ के जरिए दूसरे दर्शकों तक भी फिल्म की चर्चा पहुंची।

धीरे-धीरे इसका फायदा बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में दिखाई देने लगा और फिल्म ने उम्मीद से कहीं बेहतर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया।

‘सफल होने के बाद कई लोगों ने फोन किया’

जब डायरेक्टर से पूछा गया कि क्या बॉलीवुड ने फिल्म रिलीज से पहले उन्हें सपोर्ट किया था, तो उन्होंने इस सवाल का जवाब देते हुए कहा कि फिल्म के अच्छा प्रदर्शन करने के बाद कई लोगों ने उन्हें फोन कर बधाई दी।

उन्होंने कहा कि वह उन लोगों के नाम नहीं लेना चाहते। चतुर्वेदी ने बताया कि बधाई देने वालों में मधुर भंडारकर भी शामिल थे, हालांकि उन्होंने उनसे किसी तरह के सपोर्ट की मांग नहीं की थी।

डायरेक्टर ने कहा कि कुछ अन्य लोगों से उन्होंने खुद मदद मांगी थी, लेकिन उन्हें मदद नहीं मिली। इसलिए अब फिल्म की सफलता के बाद उन लोगों द्वारा फोन कर बधाई देने पर भी वह उनके नाम सार्वजनिक नहीं करना चाहते।

‘हनुमान अंश’ की कहानी अब सिर्फ बॉक्स ऑफिस सफलता तक सीमित नहीं रह गई है। फिल्म की कम बजट में बड़ी कमाई और रिलीज से पहले कथित तौर पर सीमित समर्थन को लेकर डायरेक्टर के बयान ने इंडस्ट्री में एक नई बहस जरूर शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *