‘हनुमान अंश’ देखने पहुंचे मुस्लिम बुजुर्ग, थिएटर में चप्पल उतारकर बैठे तो वायरल हुआ वीडियो

KNews Desk: नीम करोली बाबा के जीवन से प्रेरित फिल्म ‘हनुमान अंश’ इन दिनों सिनेमाघरों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी चर्चा में बनी हुई है. फिल्म को दर्शकों के साथ कई सितारों की ओर से भी पसंद किया जा रहा है. इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक मुस्लिम बुजुर्ग सिनेमाघर में बैठकर ‘हनुमान अंश’ देखते नजर आ रहे हैं. वीडियो में उनका फिल्म देखने का अंदाज लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है.वायरल वीडियो में बुजुर्ग सफेद कुर्ता-पायजामा और सफेद टोपी पहने नजर आ रहे हैं. वह थिएटर की सीट पर बिना जूते-चप्पल के बैठे हुए हैं और पूरी तरह फिल्म देखने में डूबे दिखाई दे रहे हैं. वीडियो बनाने वाले की मौजूदगी से भी उन्हें कोई खास फर्क पड़ता नहीं दिख रहा है. वह लगातार स्क्रीन की ओर देखते हुए फिल्म का आनंद लेते नजर आ रहे हैं. इसी वजह से यह क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर की जा रही है.

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स की ओर से तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. कई लोगों ने इस वीडियो को धार्मिक सौहार्द और आपसी भाईचारे से जोड़कर देखा है. एक यूजर ने लिखा, ‘बिना राजनीति वाला भारत.’ वहीं, दूसरे यूजर ने कमेंट किया कि दशकों से चली आ रही राजनीतिक ध्रुवीकरण की कोशिशें लोगों के दिमाग को प्रदूषित करने में नाकाम रही हैं. हालांकि, वीडियो में नजर आ रहे बुजुर्ग की पहचान या उनके फिल्म देखने की वजह के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.बता दें कि ‘हनुमान अंश’ नीम करोली बाबा के जीवन से प्रेरित फिल्म है. फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच लगातार दिलचस्पी बनी हुई है. नीम करोली बाबा के प्रति लोगों की आस्था का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मिराज सिनेमाज ने थिएटर में उनके लिए एक सीट खाली रखने का फैसला किया है. सिनेमाघर की ओर से सोशल मीडिया पर बताया गया कि सीट नंबर 9 नीम करोली बाबा के लिए रिजर्व रखी गई है.

फिल्म की बॉक्स ऑफिस परफॉर्मेंस की बात करें तो रिपोर्ट्स के मुताबिक करीब 1.8 करोड़ रुपये के बजट में बनी ‘हनुमान अंश’ ने भारत में पहले दिन लगभग 10 लाख रुपये की कमाई की थी. वहीं, फिल्म ने 28वें दिन तक 62 करोड़ रुपये से ज्यादा का नेट कलेक्शन कर लिया है. मेकर्स के मुताबिक, दर्शकों से मिल रहे अच्छे वर्ड ऑफ माउथ की वजह से फिल्म का थिएटर रन लगातार जारी है.फिलहाल, ‘हनुमान अंश’ को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी बनी हुई है. वहीं, मुस्लिम बुजुर्ग का थिएटर में फिल्म देखते हुए वायरल हुआ यह वीडियो भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *