Mirzapur The Movie: आखिर क्यों नहीं दिखेंगे विक्रांत मैसी? बबलू पंडित के रोल में नजर आएंगे जितेंद्र कुमार

Mirzapur The Movie: ‘मिर्जापुर’ की कहानी अब ओटीटी से निकलकर बड़े पर्दे पर पहुंचने वाली है. फिल्म में पुराने चेहरों के साथ कई नए कलाकार भी नजर आएंगे. हालांकि, सीरीज के पहले सीजन में बबलू पंडित का किरदार निभाने वाले विक्रांत मैसी फिल्म से गायब हैं. उनकी जगह जितेंद्र कुमार इस किरदार में दिखाई देंगे. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर विक्रांत मैसी फिल्म का हिस्सा क्यों नहीं बने?

Knews Desk- ओटीटी की सबसे चर्चित वेब सीरीज में शामिल ‘मिर्जापुर’ अब फिल्म के रूप में सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है. ‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर को रिलीज होगी. फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्साह है, क्योंकि इसमें फ्रेंचाइजी के कई पुराने किरदारों की वापसी होने वाली है. पंकज त्रिपाठी, अली फजल समेत कई कलाकार अपने पुराने किरदारों में नजर आएंगे. वहीं, जितेंद्र कुमार, रवि किशन और सोनल चौहान जैसे नए चेहरे भी कहानी का हिस्सा होंगे.

फिल्म की सबसे दिलचस्प बातों में से एक उन किरदारों की वापसी है, जिनकी सीरीज में मौत हो चुकी है. दिव्येंदु शर्मा और श्रिया पिलगांवकर के किरदार भी फिल्म में दिखाई देंगे. लेकिन इसी बीच विक्रांत मैसी की गैरमौजूदगी ने फैंस का ध्यान खींचा है.

बबलू पंडित की जगह जितेंद्र कुमार क्यों?

विक्रांत मैसी ने ‘मिर्जापुर’ के पहले सीजन में बबलू पंडित का किरदार निभाया था. वह अली फजल के किरदार गुड्डू पंडित के छोटे भाई थे. पहले सीजन में ही बबलू की मौत हो गई थी. अब फिल्म में इस किरदार की वापसी हो रही है, लेकिन विक्रांत मैसी की जगह जितेंद्र कुमार बबलू पंडित के रूप में नजर आएंगे.

ट्रेलर में जितेंद्र कुमार की झलक सामने आने के बाद दर्शकों के बीच यह सवाल और भी चर्चा में आ गया कि आखिर विक्रांत को दोबारा इस रोल के लिए क्यों नहीं लिया गया.

क्या बदल गया है विक्रांत मैसी का स्टारडम?

‘मिर्जापुर’ के पहले सीजन के समय विक्रांत मैसी आज की तरह बड़े फिल्म स्टार नहीं थे. उस वक्त वह टीवी और सीमित फिल्मों में काम कर रहे थे. हालांकि, पिछले कुछ वर्षों में उन्होंने अपनी दमदार अदाकारी के दम पर इंडस्ट्री में अलग पहचान बनाई है.

आज विक्रांत मैसी कई फिल्मों में लीड रोल कर चुके हैं और उनका स्टारडम पहले से काफी बढ़ चुका है. वहीं ‘मिर्जापुर’ की कहानी मुख्य रूप से कालीन भैया और गुड्डू पंडित जैसे किरदारों के इर्द-गिर्द घूमती है. ऐसे में यह संभावना जताई जा रही है कि शायद अब विक्रांत के लिए बबलू जैसा सेकेंडरी किरदार उतना बड़ा आकर्षण नहीं रहा हो.

क्या मेकर्स ने विक्रांत को किया था अप्रोच?

विक्रांत मैसी के फिल्म में न होने की एक दूसरी चर्चा भी सामने आती है. ‘मिर्जापुर’ को एक्सेल एंटरटेनमेंट प्रोड्यूस करता है. वहीं, विक्रांत मैसी पहले फरहान अख्तर के निर्देशन में बनने वाली ‘डॉन 3’ से खुद को अलग कर चुके हैं.

इसी वजह से यह कयास भी लगाए जा रहे हैं कि हो सकता है ‘मिर्जापुर: द मूवी’ के लिए मेकर्स ने विक्रांत से संपर्क ही नहीं किया हो. हालांकि, इस बारे में न तो विक्रांत मैसी और न ही फिल्म की टीम की तरफ से कोई आधिकारिक वजह सामने आई है.

फिलहाल यह साफ नहीं है कि विक्रांत मैसी ने खुद फिल्म से दूरी बनाई या मेकर्स ने उन्हें बबलू पंडित के लिए अप्रोच नहीं किया. लेकिन उनकी जगह जितेंद्र कुमार को चुनना जरूर फिल्म की कास्टिंग का एक दिलचस्प पहलू है. जितेंद्र का लुक और कद-काठी भी काफी हद तक विक्रांत मैसी से मिलती-जुलती नजर आती है, जिससे दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *