उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. नैनीताल के रामनगर में कोसी नदी उफान पर है और इसका पानी प्रसिद्ध गर्जिया मंदिर की सीढ़ियों तक पहुंच गया है. सुरक्षा को देखते हुए मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही रोक दी गई है.
Knews desk- उत्तराखंड में बारिश ने एक बार फिर मुश्किलें बढ़ा दी हैं. पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बारिश के कारण नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. नैनीताल जिले के रामनगर में कोसी नदी का बहाव तेज हो गया है. नदी का पानी गर्जिया मंदिर की सीढ़ियों तक पहुंचने के बाद मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं की एंट्री पर रोक लगा दी है.
कोसी नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद गर्जिया मंदिर के मुख्य द्वार पर चेतावनी बोर्ड लगाया गया है. मंदिर समिति ने लोगों से अपील की है कि नदी में पानी बढ़ने के दौरान मंदिर की तरफ जाने से बचें. तेज बहाव को देखते हुए किसी भी तरह की अनहोनी की आशंका के चलते यह फैसला लिया गया है.
गर्जिया मंदिर के मुख्य पुजारी मनोज पांडे ने भी श्रद्धालुओं से सावधानी बरतने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है.
हल्द्वानी में 160 MM बारिश, गौला नदी भी उफान पर
भारी बारिश का असर हल्द्वानी में भी देखने को मिल रहा है. बीते 24 घंटे में हल्द्वानी में करीब 160 मिलीमीटर और नैनीताल में करीब 200 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है. लगातार बारिश के कारण गौला नदी का जलस्तर भी बढ़ रहा है.
नदी के आसपास रहने वाले लोगों को प्रशासन ने सतर्क रहने की सलाह दी है. लोगों से नदी और उसके आसपास के इलाकों में जाने से बचने को कहा गया है.
पुल पर खड़े होकर नदी देखने पर भी रोक
बढ़ते जलस्तर को देखते हुए उत्तराखंड पुलिस भी लगातार लोगों को सावधान कर रही है. नदी और नालों के आसपास अनाउंसमेंट कर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी जा रही है. पुलिस ने लोगों से पुलों पर खड़े होकर उफनती नदियों का नजारा देखने से भी बचने को कहा है.
अधिकारियों के मुताबिक, तेज बहाव के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है.
नदी-नालों से दूर रहने की अपील
प्रशासन ने लोगों से नदी, नाले और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की अपील की है. बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से ऐसे स्थानों से दूर रखने की सलाह दी गई है.
सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी एपी बाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने भी लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है.
मौसम विभाग का भारी बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड में मौसम विभाग ने भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है. पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश के कारण नदियों और बरसाती नालों के जलस्तर में और बढ़ोतरी की आशंका बनी हुई है.
प्रशासन ने लोगों से मौसम की स्थिति पर नजर रखने और किसी भी खतरे की स्थिति में पुलिस एवं प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है.