कानपुर की 80 फीट रोड पर गड्ढों से परेशान लोग, अनोखे अंदाज में प्रदर्शन; यमराज ने किया ‘यमलोक द्वार’ का उद्घाटन

Knews Desk- कानपुर के बर्रा इलाके में 80 फीट रोड की खराब हालत को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। सड़क पर जगह-जगह बड़े और गहरे गड्ढे हो गए हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। नगर निगम की कथित अनदेखी से नाराज युवाओं ने सोमवार को अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शनकारियों ने सड़क को प्रतीकात्मक तौर पर ‘यमलोक द्वार’ का नाम दे दिया। इसके लिए एक व्यक्ति यमराज के रूप में प्रदर्शन में पहुंचा। सड़क किनारे ‘यमराज का द्वार-ग्रैंड ओपनिंग’ लिखा बैनर लगाया गया। इसके बाद यमराज की वेशभूषा में आए व्यक्ति ने फीता काटकर ‘यमलोक द्वार’ का उद्घाटन किया।

वार्ड-67 के बर्रा-6 निवासी अभिषेक सिंह यादव के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में स्थानीय लोगों ने सड़क की बदहाली को लेकर अपनी नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान सड़क के गड्ढों में पानी भर जाता है। इससे सड़क और गड्ढे के बीच अंतर करना मुश्किल हो जाता है।

ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों के दुर्घटना का शिकार होने का खतरा बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, ई-रिक्शा पलटने और लोगों के घायल होने की घटनाएं भी लगातार हो रही हैं।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सड़क की मरम्मत के लिए नगर निगम से कई बार शिकायत की गई, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी समस्या का समाधान नहीं कर रहे हैं।

प्रदर्शन के दौरान यमराज बने व्यक्ति ने सड़क की स्थिति को लेकर नगर निगम पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि 80 फीट रोड पर इतने बड़े-बड़े गड्ढे हैं कि यहां लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं।

उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि उन्हें अब इस सड़क पर ‘परमानेंट’ आना पड़ता है। उनका कहना था कि यहां से एक बार जाने के बाद जल्द ही वापस लौटना पड़ता है, क्योंकि सड़क के गड्ढों की वजह से बड़ी-बड़ी दुर्घटनाएं हो रही हैं।

‘गड्ढा मुक्त नहीं, गड्ढा युक्त हो गई सड़क’

अभिषेक सिंह यादव ने सड़क की स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि बर्रा की 80 फीट रोड अब गड्ढा मुक्त होने के बजाय गड्ढा युक्त हो चुकी है। उन्होंने अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया।

अभिषेक के मुताबिक, सड़क पर हर 5-5 मिनट में कोई न कोई दुर्घटना होती रहती है। उनका कहना है कि सड़क की मरम्मत को लेकर कई बार शिकायत की गई, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया।

अभिषेक सिंह यादव ने कहा कि क्षेत्र की जनता किसी अधिकारी या जनप्रतिनिधि से अपने घर के लिए कोई सुविधा नहीं मांग रही है। लोगों की मांग सिर्फ इतनी है कि उन्हें सुरक्षित सड़क और जरूरी मूलभूत सुविधाएं मिलें।

उन्होंने कहा कि लोगों को अपने घर के लिए राशन नहीं चाहिए। वे सिर्फ आने-जाने के लिए सड़क और पीने के लिए पानी मांग रहे हैं, जो उनका हक है। उन्होंने जिम्मेदार पदों पर बैठे अधिकारियों से सड़क की समस्या का समाधान कराने की अपील की।

कार्रवाई नहीं हुई तो नगर निगम का घेराव

प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही 80 फीट रोड के गड्ढों को नहीं भरा गया और सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई, तो वे नगर निगम कार्यालय का घेराव करेंगे।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सड़क की हालत किसी बड़े हादसे का कारण बने, उससे पहले नगर निगम को कार्रवाई करनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *