KNEWS DESK- कांग्रेस अब युवाओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए एक और पहल करती नजर आ रही है। छात्रों के बाद पार्टी ने अब Gen Z वकीलों को अपने साथ जोड़ने की दिशा में कदम बढ़ाया है। कांग्रेस की लीगल सेल ने युवा वकीलों के लिए एक पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया है। इसकी कमान पार्टी के लीगल विभाग के प्रमुख अभिषेक मनु सिंघवी को दी गई है।
इसी सिलसिले में अभिषेक मनु सिंघवी ने मंगलवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। इस दौरान युवा वकीलों के साथ पार्टी के काम और उन्हें कानूनी गतिविधियों से जोड़ने को लेकर चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक, इस पहल के तहत कांग्रेस लीगल सेल ने 10 युवा वकीलों को इंटर्नशिप के लिए चुना है। ये सभी कांग्रेस के 10 सांसदों के साथ काम करेंगे।
कांग्रेस के सदस्य नहीं होंगे युवा वकील
इस पायलट प्रोजेक्ट की खास बात यह है कि इसमें शामिल युवा वकील फिलहाल कांग्रेस के सदस्य नहीं होंगे। सूत्रों के अनुसार, इन वकीलों की जिम्मेदारी कांग्रेस सांसदों को कानूनी मामलों में मदद करने की होगी। यदि भविष्य में ये युवा कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा से सहमत होते हैं, तो वे पार्टी की सदस्यता ले सकते हैं।
पार्टी की योजना आगे चलकर इस व्यवस्था को कांग्रेस के सभी सांसदों तक विस्तार देने की है। यानी पायलट प्रोजेक्ट के सफल रहने पर ज्यादा युवा वकीलों को सांसदों के साथ जोड़ने की तैयारी की जा सकती है।
15-20 मिनट की बैठक करीब सवा घंटे चली
सूत्रों के मुताबिक, अभिषेक मनु सिंघवी ने राहुल गांधी से इस मुद्दे पर चर्चा के लिए करीब 15-20 मिनट का समय मांगा था। हालांकि बातचीत शुरू होने के बाद चर्चा लंबी होती चली गई और बैठक करीब सवा घंटे तक चली।
इस दौरान राहुल गांधी ने युवा वकीलों से कई मुद्दों पर बातचीत की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में अलग-अलग विचारों और आलोचना को भी जगह दी जाती है। राहुल ने हिंदुइज्म का उदाहरण देते हुए भी अपनी विचारधारा सामने रखी और कहा कि वहां भी अलग विचारों के लिए जगह है।
गरीबों और जरूरतमंदों के लिए काम करने की अपील

राहुल गांधी ने युवा वकीलों से राजनीति को गरीब, दलित, आदिवासी, अल्पसंख्यक और पीड़ित लोगों की मदद से जोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर युवा राजनीति में आना चाहते हैं तो उन्हें इन वर्गों से जुड़े मुद्दों पर काम करना चाहिए। साथ ही उन्होंने युवाओं से फिलहाल किसी राजनीतिक दल की सदस्यता नहीं लेने की बात कही और भविष्य में अपनी सोच के आधार पर फैसला करने को कहा।
राहुल ने युवा वकीलों से यह भी अपील की कि वे अपनी वकालत का कुछ समय गरीब और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए जरूर दें।
सिंघवी ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
अभिषेक मनु सिंघवी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इस मुलाकात की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी की कांग्रेस के कानून, मानवाधिकार और RTI विभाग के साथ-साथ लीगल फेलो के साथ बातचीत हुई।
सिंघवी के मुताबिक, बातचीत के दौरान होनहार युवा वकीलों ने तीखे सवाल पूछे। उन्होंने कहा कि इस संवाद में संविधान के प्रति पार्टी की साझा प्रतिबद्धता भी सामने आई। कांग्रेस की यह पहल ऐसे समय में सामने आई है, जब राहुल गांधी लगातार युवाओं से जुड़े मुद्दों को उठाते रहे हैं और Gen Z के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं।