KNEWS DESK – बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर अपने बेबाक बयानों के लिए जानी जाती हैं। वह अक्सर सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखती हैं। अब एक बार फिर उनका एक बयान चर्चा में है, जिसमें उन्होंने संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘पद्मावत’ में दिखाए गए जौहर के सीन को लेकर अपनी पुरानी आपत्ति पर बात की है।
साल 2018 में फिल्म की रिलीज के बाद स्वरा ने संजय लीला भंसाली को एक ओपन लेटर लिखा था। अब हाल ही में एक पैनल डिस्कशन के दौरान उन्होंने उस लेटर पर सफाई देते हुए कहा कि जौहर को जिस तरह से फिल्म में दिखाया और ग्लोरिफाई किया गया, उससे उन्हें असहजता महसूस हुई थी।
‘पद्मावत’ के जौहर सीन पर क्या बोलीं स्वरा?
सोमवार को इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में ‘वीमेन लाइफ फ्रीडम’ कार्यक्रम के दौरान हुए पैनल डिस्कशन में स्वरा भास्कर ने इस मुद्दे पर अपनी बात रखी।
उन्होंने कहा कि उन्होंने ‘पद्मावत’ देखने के बाद बहुत असहज महसूस किया था। स्वरा के मुताबिक, फिल्म में जौहर को जिस तरह पेश किया गया, उससे उन्हें लगा कि रेप सर्वाइवर के सामने जैसे अपनी जिंदगी खत्म करने का विकल्प ही सम्मानजनक रास्ता बताया जा रहा है।
स्वरा ने कहा कि उन्होंने उस वक्त बेहद अच्छी नीयत के साथ ओपन लेटर लिखा था। उनका मकसद किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं, बल्कि फिल्म में दिए जा रहे संदेश पर सवाल उठाना था।
‘अगर मैं जिंदगी खत्म नहीं कर पाई तो कायर हूं…’
अपने बयान में स्वरा ने कहा कि वह फिल्म में करीब 800 महिलाओं के जौहर की कहानी देख रही थीं। इसे देखते हुए उन्होंने खुद से सवाल किया कि अगर भगवान न करे उनके साथ कभी ऐसी घटना हो जाए तो वह क्या करेंगी।
स्वरा के मुताबिक, उन्हें ऐसा महसूस हुआ कि अगर वह अपनी जिंदगी खत्म नहीं कर पाईं, तो उन्हें कायर समझा जाएगा। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसे समय में, जब देश में रेप जैसी घटनाओं की समस्या गंभीर है, तब इस तरह की कहानी से समाज को क्या संदेश दिया जा रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि उनकी आपत्ति जौहर की ऐतिहासिक घटना के अस्तित्व से नहीं, बल्कि उसे ग्लोरिफाई करने के तरीके से थी।
बयान के बाद सोशल मीडिया पर ट्रोल हुईं स्वरा
स्वरा भास्कर का यह वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। कुछ यूजर्स ने उनके बयान की आलोचना करते हुए इसे भारतीय परंपरा का अपमान बताया। एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा कि उसने जौहर पर इससे ज्यादा ‘बेवकूफाना कमेंट’ नहीं सुना।
हालांकि, स्वरा के बयान के समर्थन में भी प्रतिक्रियाएं सामने आईं। यह पहली बार नहीं है जब ‘पद्मावत’ को लेकर स्वरा का बयान विवादों में आया हो। फिल्म की रिलीज के समय उनका संजय लीला भंसाली को लिखा ओपन लेटर भी काफी चर्चा में रहा था। फिलहाल, जौहर को लेकर स्वरा का नया बयान एक बार फिर सोशल मीडिया पर बहस का विषय बन गया है।